July 12, 2026

दुमका में सनकी पिता का खूनी खेल! बेटी और भाई की ले ली जान... घर में पड़े मिले दोनों के शव

Dumka News: झारखंड के दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है. बेलूडीह गांव में एक व्यक्ति पर अपनी ही 15 वर्षीय बेटी की पीट-पीटकर हत्या करने और बीच-बचाव करने आए अपने चचेरे भाई की भी जान ले लेने का आरोप है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने आरोपी मनोज मंडल को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार, घटना बेलूडीह गांव की है. जानकारी के मुताबिक, घरेलू विवाद के दौरान मनोज मंडल का अपनी बेटी पुड़की कुमारी से विवाद हो गया. आरोप है कि गुस्से में उसने बेटी के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई.

बीच-बचाव करने पहुंचा था सरजू

बताया जा रहा है कि घटना के दौरान मनोज मंडल का चचेरा भाई सरजू मंडल बीच-बचाव करने पहुंचा और आरोपी को समझाने का प्रयास किया. आरोप है कि इस दौरान मनोज मंडल ने उस पर भी ईंट-पत्थर से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल सरजू मंडल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई.

दोहरी हत्या की सूचना मिलते ही सरैयाहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मनोज मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

घरेलू विवाद के बाद हत्या

जानकारी में घरेलू विवाद को घटना की वजह बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था. फिलहाल अधिकारियों ने किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है. इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे गांव और आसपास के इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है. स्थानीय लोग घटना से स्तब्ध हैं. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की सही जानकारी सामने आ पाएगी.

अशोक कुमार

अशोक कुमार

अशोक कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 वर्षों से अधिक का अनुभव है. राजनीति, क्राइम और ऑफबीट खबरों में दिलचस्पी रखने के कारण इन क्षेत्रों की खबरों पर बेहतरीन पकड़ है. नई जगहों को एक्सप्लोर करने के साथ पढ़ने-लिखने का शौक रखते हैं. झारखंड की स्थानीय न्यूज़ चैनल में विभिन्न पदों पर काम करने के साथ-साथ, इन्होंने एपीएन न्यूज़ में बतौर ब्यूरो चीफ के रूप में भी काम किया है. अशोक कुमार ने झारखंड में पिछले 7 वर्षों के दौरान हुई छोटी-बड़ी राजनीतिक हलचलों को रिपोर्ट किया है. वर्तमान में वो टीवी9 डिजिटल से जुड़े हैं.

Read More

google button