महाराष्ट्र में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पूर्व सांसद विनायक राउत के परिवार पर उनकी बहू ने गंभीर आरोप लगाए हैं. इस पूरे मामले को लेकर बहू गिरिजा राउत ने पुलिस से शिकायत की है. गिरिजा का आरोप है कि उसके साथ बहुत बुरा होता रहा. लेकिन उसके आसपास के लोगों ने उसकी कोई परवाह नहीं की. फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
कौन हैं विनायक राउत?
विनायक राउत का जन्म 15 मार्च 1954 को हुआ था. वह शिवसेना यूबीटी के वरिष्ठ नेता हैं और उन्होंने 17वीं लोकसभा में रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया. उन्होंने लोकसभा में शिवसेना के नेता के तौर पर भी काम किया. उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) में कॉर्पोरेटर के तौर पर की थी.
उनका राजनीतिक सफर
- 19851992: कॉर्पोरेटर, BMC.
- 19992004: महाराष्ट्र विधानसभा के सदस्य (विले पार्ले सीट).
- 2005: शिवसेना के अखिल भारतीय पार्टी सचिव.
- 20122014: महाराष्ट्र विधान परिषद (MLC) के सदस्य.
- 2014: पहली बार रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग से लोकसभा सांसद चुने गए.
- 2019: 17वीं लोकसभा के लिए फिर से चुने गए.
- 2019: लोकसभा में शिवसेना के नेता बने.
2024 के लोकसभा चुनाव में मिली हार
2024 के लोकसभा चुनावों में उन्हें बीजेपी नेता नारायण राणे से हार का सामना करना पड़ा. विनायक राउत ने साल 2000 में मुंबई यूनिवर्सिटी के पॉलिटिकल साइंस डिपार्टमेंट से पॉलिटिकल साइंस में M.A. (मास्टर ऑफ आर्ट्स) की डिग्री हासिल की. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. आरोपों की सच्चाई और मामले के दूसरे पहलू जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएंगे.
बहू ने लगाए हैं गंभीर आरोप
पूर्व सांसद विनायक राउत की बहू गिरिजा राउत ने अपने पति, पूर्व ससुर सांसद विनायक राउत और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है. गिरिजा ने इन सभी पर मानसिक प्रताड़ना, घरेलू उत्पीड़न और अंधविश्वास से जुड़ी कथित गतिविधियों के आरोप लगाए हैं. साथ ही शिकायत में दावा किया गया है कि संतान प्राप्ति के नाम पर कथित तौर पर तांत्रिक अनुष्ठान कराए गए, जबरन दवाइयां दी गईं और अन्य तरह के उत्पीड़न का सामना करना पड़ा.
पुलिस ने एक आरोपी को कस्टडी में लिया
हालांकि इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है जिसे 2 दिन की पुलिस कस्टडी दी गई है. मामले में पुलिस अब गिरिजा द्वारा लगाए गए आरोपों को लेकर आरोपी से पूछताछ कर रही है. माना जा रहा है कि पुलिस ने इस मामले में आने वाले दिनों में अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर सकती है.
पति और ससुर पर लगाए गंभीर आरोप
गिरिजा राउत ने TV9 भारतवर्ष से बातचीत करते हुए बताया कि, मुझे कई सालों से मेरे पति और मेरे ससुर एक बाबा के पास भेजते थे, जहां पर मेरे साथ कुछ अलग ही घटनाएं होती थी. मुझे प्रताड़ित किया जाता था. मैं तंग आ चुकी थी, परेशान हो चुकी थी. मेरा शोषण हो रहा था. इसी वजह से मैंने अब आकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. गिरिजा ने दावा है कि इस पूरी घटना के बारे में उसके ससुर और पति सब कुछ पता है.
शिकायतकर्ता के वकील का बड़ा दावा
इस पूरे मामले को लेकर शिकायतकर्ता के वकील सागर कदम ने बातचीत के दौरान दावा किया इस घटना में और भी लोग शामिल हैं. जैसे-जैसे पुलिस कि जांच आगे बढ़ेगी, इस मामले में और भी लोगों के नाम के खुलासे होंगे. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.

शुभम पांडे