August 15, 2026

गमले में आसानी से उगाएं अमरूद का पौधा, इतने महीनों में मिल सकते हैं फल; बस इन बातों का रखें ध्यान

How To Grow Guava In Pot: अगर आपको अमरूद खाना पसंद है, लेकिन घर में बड़ा बगीचा नहीं है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं. आप बरसात के मौसम में अपनी बालकनी, छत या छोटे से आंगन में भी गमले के अंदर अमरूद का पौधा बहुत ही आसानी से उगा सकते हैं. एक बार अगर आपका पौधा उग जाता है, तो आपको उसके बाद बाजार से अमरूद खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी. खास बात ये है कि इसके लिए बहुत ज्यादा जगह की जरूरत नहीं होती. सही गमला, अच्छी मिट्टी, भरपूर धूप और थोड़ी सी देखभाल के साथ पौधा अच्छी तरह बढ़ सकता है.

हालांकि, यहां एक बात समझना जरूरी है कि बीज से लगाए अमरूद के पौधे को फल देने में कई साल लग सकते हैं. अगर आप जल्दी फल पाना चाहते हैं तो ग्राफ्टेड पौधा लगाना बेहतर ऑप्शन हो सकता है. सही तरीके से लगाया और संभाला जाए तो ग्राफ्टेड पौधे में करीब 1-2 साल में फल आने की संभावना रहती है.

सबसे पहले सही गमला चुनना है जरूरी
अमरूद का पौधा आगे चलकर काफी फैल सकता है, इसलिए इसे किसी छोटे गमले में लगाने की गलती न करें. इसके लिए करीब 24x24 इंच का बड़ा ग्रो बैग या गहरा और चौड़ा गमला इस्तेमाल किया जा सकता है. गमला ऐसा होना चाहिए जिसमें पौधे की जड़ों को फैलने के लिए पूरी जगह मिले.

गमला ऐसा चुने, जिसमें नीचे सही तरीके से किया गया छेद हो. इससे पौधे में पानी जमा नहीं होगा और निकलता रहेगा. पानी अगर लंबे समय तक मिट्टी में जमा रहेगा तो पौधे की जड़ें गल सकती हैं.

सम्बंधित ख़बरें

बीज से पौधा लगाना है तो ऐसे करें शुरुआत
1. अगर आप बीज से अमरूद का पौधा तैयार करना चाहते हैं तो सबसे पहले अच्छे और पके अमरूद से बीज निकाल लें. बीजों को रातभर पानी में भिगोकर रखने से शुरुआत कर सकते हैं.

2. इसके बाद गमले में मिट्टी और अच्छी तरह सड़ी हुई जैविक खाद मिलाएं. मिट्टी को भुरभुरा और ऐसा रखें कि एक्स्ट्रा पानी आसानी से बाहर निकल सके. अब बीजों को करीब 2-3 इंच गहराई में डालकर ऊपर से हल्की मिट्टी डाल दें. इसके बाद मिट्टी में नमी बनाए रखने के लिए जरूरत के हिसाब से पानी दें.

आपको अमरूद के बीज बाजार से खरीदने की जरूरत नहीं है. (Photo: AI Generated)

जल्दी फल चाहिए तो बीज नहीं, ग्राफ्टेड पौधा लगाएं
ये इस पूरी प्रोसेस की सबसे जरूरी और काम की बात है. बीज से उगाया गया अमरूद का पौधा फल देने में काफी समय ले सकता है. दरअसल, बीज से उगाए पौधे में फल आने में करीब 1-2 साल तक लग सकते हैं.

इसके मुकाबले अगर आप नर्सरी से हेल्दी ग्राफ्टेड अमरूद का पौधा लाकर गमले में लगाते हैं, तो फल जल्दी मिलने की संभावना रहती है. इसलिए अगर आपका मकसद सिर्फ पौधा तैयार करना नहीं बल्कि जल्द घर के अमरूद खाना है, तो ग्राफ्टेड पौधा लगाना ज्यादा सही रहता है.

अमरूद के पौधे को धूप खूब चाहिए
अमरूद का पौधा धूप पसंद करता है. इसे हमेशा ऐसी जगह रखें जहां उसे अच्छे से सीधी धूप मिल सके. इसे घर के किसी ऐसे कोने में रखने से बचें जहां दिनभर छाया रहती हो. अगर पौधे को अच्छी धूप मिलेगी तो उसकी ग्रोथ अच्छी होगी.  

अमरूद के पौधे में फल आने में तकरीबन 1-2 साल लग सकते हैं. (Photo: AI Generated)

पानी देते समय न करें ये गलती
अमरूद के पौधे को पानी की जरूरत होती है, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि हर समय गमले को पानी से भरा रखा जाए. मिट्टी की नमी देखकर ही पानी दें. बार-बार जरूरत से ज्यादा पानी देने से गमले में पानी जमा हो सकता है, जो पौधे की जड़ों के लिए नुकसानदायक है. इसलिए पानी देने के साथ-साथ यह भी देखें कि अक्स्ट्रा पानी गमले से बाहर निकल रहा है या नहीं.

थोड़ी देखभाल और फिर घर का अपना अमरूद
गमले में अमरूद उगाने का सबसे अच्छी बात ये है कि इसके लिए किसी बड़े बगीचे की जरूरत नहीं. बस शुरुआत में सही पौधा या बीज चुनें, बड़ा गमला लें, मिट्टी और खाद का ध्यान रखें और पौधे को अच्छी धूप दिखाएं.

---- समाप्त ----