छुईखदान के लाल ने बढ़ाया प्रदेश का मान : खिलाड़ी श्रेयांश ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में लहराया परचम, नेपाल में जीता स्वर्ण पदक
खैरागढ़-छुईखदान के युवा फुटबॉल खिलाड़ी श्रेयांश श्रीवास्तव ने इंडो-नेपाल स्कूल स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2025-26 में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीता।
युवा फुटबॉल खिलाड़ी श्रेयांश श्रीवास्तव
- Published: 12 Jul 2026, 04:13 PM IST
- Last Updated: 12 Jul 2026, 04:13 PM IST
प्रदीप बोरकर- खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण तब सामने आया, जब जिले के छुईखदान के युवा फुटबॉल खिलाड़ी श्रेयांश श्रीवास्तव ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। नेपाल में आयोजित इंडो-नेपाल स्कूल स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2025-26 में श्रेयांश ने अपने बेहतरीन खेल से न केवल देश का गौरव बढ़ाया, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का भी मान ऊंचा किया। खास बात यह रही कि भारतीय टीम में छत्तीसगढ़ से चयनित होने वाले वे एकमात्र खिलाड़ी थे।
कड़े ट्रायल में चमके श्रेयांश, भारतीय टीम में बनाई जगह
नेपाल में आयोजित इंडो-नेपाल स्कूल स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2025-26 के लिए पूरे भारत से खिलाड़ियों के चयन हेतु उत्तर प्रदेश में कड़ा ट्रायल आयोजित किया गया था। इस ट्रायल में देशभर के सैकड़ों खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई, जिनमें से उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 17 खिलाड़ियों का चयन भारतीय फुटबॉल टीम के लिए किया गया। इस 17 सदस्यीय टीम में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व केवल श्रेयांश श्रीवास्तव ने किया।
खैरागढ़-छुईखदान के युवा फुटबॉल खिलाड़ी श्रेयांश श्रीवास्तव ने इंडो-नेपाल स्कूल स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2025-26 में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीता। @kcgdistt #Chhattisgarh pic.twitter.com/miNQKMdwbu
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) July 12, 2026
नेपाल में चमका श्रेयांश का हुनर
चैंपियनशिप के दौरान श्रेयांश ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी इस उपलब्धि ने छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश को गौरवान्वित किया है।
मेहनत और लगन से हासिल किया मुकाम
श्रेयांश, संदीप श्रीवास्तव और डॉ. मीनू श्रीवास्तव के पुत्र हैं। उन्होंने नियमित अभ्यास, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। श्रेयांश की इस ऐतिहासिक सफलता पर जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)