अमृतसर रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण में देरी पर औजला ने रेल मंत्री को लिखा पत्र
August 15, 2026

अमृतसर। अमृतसर के रेलवे स्टेशन के लंबे समय से लंबित आधुनिकीकरण और पुनर्विकास कार्य को लेकर सांसद गुरजीत सिंह औजला ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को मिलकर मांग पत्र सौंपा। औजला ने रेल मंत्री से प्रोजेक्ट में तेजी लाने और समयबद्ध तरीके से काम शुरू करवाने के लिए व्यक्तिगत हस्तक्षेप की मांग की है।
औजला ने पत्र में कहा कि अमृतसर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की योजना वर्ष 2020 में मंजूर की गई थी। इसका उद्देश्य स्टेशन को विश्वस्तरीय, एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं वाले आधुनिक टर्मिनल के रूप में विकसित करना था। लेकिन मंजूरी के करीब पांच साल बाद भी प्रोजेक्ट विकास के चरण में ही अटका हुआ है और जमीन पर अपेक्षित प्रगति दिखाई नहीं दे रही। उन्होंने कहा कि अमृतसर देश के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों में शामिल है। यहां श्री हरमंदिर साहिब सहित कई महत्वपूर्ण धार्मिक और विरासती स्थल हैं, जिसके कारण रोजाना बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशन अमृतसर का प्रमुख प्रवेश द्वार है और इसका आधुनिक सुविधाओं से लैस होना बेहद जरूरी है।
15 एस्केलेटर और 14 लिफ्ट समेत कई सुविधाएं प्रस्तावित
औजला के अनुसार स्वीकृत पुनर्विकास योजना के तहत स्टेशन पर आधुनिक ग्लास-फैसाड बिल्डिंग, विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया, बेहतर यात्री सुविधाएं, नए प्लेटफॉर्म और फुटओवर ब्रिज, 15 एस्केलेटर, 14 लिफ्ट, आधुनिक वेटिंग हॉल, स्वच्छ एवं दुर्गंधमुक्त ट्रैक, अपग्रेडेड शौचालय और स्थानीय उत्पादों व हस्तशिल्प को बढ़ावा देने वाले कियोस्क जैसी सुविधाएं विकसित की जानी हैं। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से अमृतसर आने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ शहर को विश्वस्तरीय रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर मिलेगा।
देरी निराशाजनक और अस्वीकार्य
सांसद ने पत्र में कहा कि परियोजना में लगातार हो रही देरी से स्थानीय लोगों, यात्रियों और अन्य हितधारकों में चिंता बढ़ रही है। प्रशासनिक अड़चनों, क्रियान्वयन में कमी और जवाबदेही के अभाव के कारण काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। औजला ने रेल मंत्री से अपील की कि अमृतसर के महत्व और यहां आने वाले यात्रियों की संख्या को देखते हुए परियोजना को प्राथमिकता दी जाए तथा इसका काम जल्द शुरू करवाकर समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि अमृतसर के निवासी और यहां आने वाले देश-विदेश के पर्यटक विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन की सुविधा के हकदार हैं।