August 14, 2026

शादी का झांसा देकर नर्स से होटल में रेप: विवाह से मुकरा, मुंह बंद रखने दी जान से मारने की धमकी, केस दर्ज - Gwalior News

ग्वालियर में शादी का झांसा देकर एक युवती से दुष्कर्म करने और बाद में अपने वादे से मुकर कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवती शहर के एक निजी अस्पताल में स्टाफ नर्स है। आरोपी उसे 05 जुलाई 2024 को विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के

.

यहां दोस्ती का हवाला देकर और शादी का वादा कर उसके साथ गलत काम किया। विरोध करने और शादी का दबाव बनाने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली। विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अस्पताल की नर्स से 4-5 साल से थी जान-पहचान

विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने बताया कि मध्य प्रदेश के भिंड जिले की रहने वाली 26 वर्षीय युवती वर्तमान में ग्वालियर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में बतौर स्टाफ नर्स कार्यरत है। करीब चार-पांच साल पहले उसकी पहचान भिंड निवासी विवेक पचौरी उर्फ अंकित से एक कार्यक्रम में हुई थी।

धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी। जनवरी 2024 में विवेक ने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा और उसे जल्द ही विवाह करने का पूरा विश्वास दिलाया। जिस कारण युवती भी उस पर काफी विश्वास करने लगी थी।

होटल कंचन पैलेस में बुलाया, फिर कई बार किया शोषण

पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि 5 जुलाई 2024 को विवेक पचौरी उर्फ अंकित ने उसे सिटी सेंटर स्थित होटल कंचन पैलेस में मिलने के लिए बुलाया। वहां उसने शादी का झांसा देकर पहली बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी जनवरी, अप्रैल और मई 2025 में भी उसे अलग-अलग मौकों पर होटल में बुलाकर उसका शोषण करता रहा। जब युवती को उस पर शक हुआ और उसने शादी करने के लिए दबाव बनाना शुरू किया, तो आरोपी अपने वादे से साफ मुकर गया। उसने पीड़िता का फोन उठाना और उससे बातचीत करना भी बंद कर दिया।

भिंड पहुंची तो दी जान से मारने की धमकी, अब एफआईआर

धोखे का अहसास होने पर जुलाई 2026 में पीड़िता विवेक से बात करने और उसे शादी के लिए मनाने उसके गृह नगर भिंड पहुंची। आरोप है कि वहां विवेक ने उसके साथ गंदी-गंदी गालियां देकर अभद्रता की और साफ कहा कि अगर दोबारा शादी की बात लेकर आई तो जान से खत्म कर देगा। आरोपी की धमकी से डरी-सहमी युवती ने शुरुआत में किसी से कुछ नहीं कहा।

बाद में उसने अपनी बड़ी बहन को आपबीती सुनाई। बहन के ढांढस बंधाने पर पीड़िता विश्वविद्यालय थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी विवेक पचौरी उर्फ अंकित के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।