ओटीटी पर आ गई है आखिरी सवाल, जानें कहां देख सकते हैं संजय दत्त की फिल्म
Aug 13, 2026 09:21 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
OTT Release: संजय दत्त की हाल ही में सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म आखिरी सवाल अब ओटीटी पर रिलीज हो चुकी है।आखिरी सवाल बॉक्स ऑफिस पर डिजास्टर साबित हुई थी।

ओटीटी पर आ चुकी है आखिरी सवाल
संजय दत्त की फिल्म आखिरी सवाल मई के महीने में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। ये फिल्म एक पॉलिटिकल थ्रिलर फिल्म है। सिनेमाघरों के बाद अब ये फिल्म ओटीटी पर रिलीज हो चुकी है। अगर आप ये फिल्म सिनेमाघरों में नहीं देख पाए थे, तो इसे अब घर पर बैठकर देख सकते हैं।
ओटीटी पर कब और कहां रिलीज होगी आखिरी सवाल?
संजय दत्त की फिल्म लायनगेट्स प्ले पर रिलीज हो गई है। लायनगेट्स प्ले ने अपने एक्स हैंडल पर फिल्म का ट्रेलर शेयर करते हुए जानकारी दी कि फिल्म 13 अगस्त को इस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी।
ट्रेलर शेयर करते हुए कैप्शन लिखा गया- कुछ सवालों के जवाब सुनना आसान नहीं होते…और ऐसे ही सवाल पूछती है ये फिल्म। फिल्म 13 अगस्त से लायनगेट्स प्ले पर आ रही है।
किस बारे में है संजय दत्त की आखिरी सवाल?
संजय दत्त की फिल्म आखिरी सवाल की कहानी एक प्रोफेसर और उनके बागी छात्र के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के इतिहास पर आधारित सवालों और उनके तार्किक जवाबों के इर्द-गिर्द घूमती है। छात्र विक्की हेगड़े ने आरएसएस के खिलाफ शोध किया है और अपने प्रोफेसर गोपाल नाडकर्णी के सामने संघ को लेकर पांच तीखे सवाल रखता है।
आखिरी सवाल की कास्ट
आखिरी सवाल की कास्ट की बात करें तो इस फिल्म में संजय दत्त प्रोफेसर की भूमिका में नजर आए हैं। वहीं, छात्र की भूमिका निभाई है नमाशी चक्रवर्ती ने। संजय दत्त, नमाशी चक्रवर्ती के अलावा फिल्म में नीतू चंद्रा, आयूषी चतुर्वेदी, त्रिधा चौधरी और अर्चना आर्या जैसे कलाकार नजर आए हैं। आखिरी सवाल को अभिजीत वारंग ने डायरेक्ट किया है। इस फिल्म का म्यूजिक तैयार किया है मॉन्टी शर्मा ने। वहीं, फिल्म के गाने लिखे हैं कवि कुमार विश्वास ने। इस फिल्म की आईएमडीबी रेटिंग की बात करें तो फिल्म की रेटिंग 6.3 है।
बॉक्स ऑफिस पर कैसा था आखिरी सवाल का हाल?
संजय दत्त की फिल्म आखिरी सवाल बॉक्स ऑफिस पर डिजास्टर साबित हुई थी। फिल्म 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, संजय दत्त की फिल्म ने भारत में बॉक्स ऑफिस पर 2.94 करोड़ (नेट) की कमाई की थी। वहीं, फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 3.04 करोड़ था।
फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भले ही फ्लॉप हुई हो, लेकिन आईएमडीबी रिव्यूज में लोगों ने फिल्म की तारीफ की है। एक यूजर ने लिखा- आखिरी सच एक मस्ट वॉच फिल्म है। एक दूसरे यूजर ने लिखा- मूवी बहुत ही शानदार है और सच्ची घटनाओं पर आधारित फिल्म है। फिल्म काफी बोल्ड है। एक दूसरे यूजर ने लिखा- ये फिल्म एक बार सबको संजय दत्त की वजह से देखनी चाहिए। किसी फिल्म में लंबे वक्त के बाद संजय दत्त जादू करते नजर आए हैं।
