
चोर के सोने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
Hyderabad News: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में चोरी की एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया. पहाड़ी शरीफ थाना क्षेत्र के वादी-ए-मुस्तफा इलाके में एक चोर नशे की हालत में एक घर में चोरी करने पहुंचा. उसने घर से सोने के गहने और मोबाइल फोन समेत अन्य सामान चोरी किया, लेकिन चोरी करने के बाद भागने के बजाय उसी घर में सो गया. जब घरवाले वापस लौटे तो उनकी नजर फर्श पर सो रहे एक अजनबी पर पड़ी. इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ.
घर में घुसकर चुराए गहने और मोबाइल
बताया जा रहा है कि आरोपी चोर नशे की हालत में घर में दाखिल हुआ था. उसने घर की अलमारी को खोला और उसमें रखे सोने के गहने और मोबाइल फोन समेत कुछ सामान चोरी कर लिया. चोरी के बाद आरोपी घर से बाहर निकलने की बजाय वहीं रुक गया. कुछ देर बाद वह घर के फर्श पर चादर बिछाकर सो गया. संभवत: नशे के कारण उसे इस बात का भी ध्यान नहीं रहा कि वह जिस घर में चोरी करने आया है, उसी के अंदर सो रहा है.
ये भी पढ़ें- बैग, बोतल, कपड़ा, चप्पल हरिद्वार पहुंचे 5 करोड़ कांवड़िए, छोड़ गए 7000 टन कचरा
घरवालों ने देखा तो रह गए हैरान
जब परिवार के लोग अपने घर पहुंचे तो उन्हें घर की स्थिति देखकर शक हुआ. घर की अलमारी खुली हुई थी और सामान अस्त-व्यस्त था. इसी दौरान उनकी नजर फर्श पर सो रहे एक अजनबी व्यक्ति पर पड़ी. घरवालों ने देखा कि एक व्यक्ति आराम से चादर बिछाकर सो रहा था. जब उन्होंने उसके पास जाकर जांच की तो उसके पास से सोने के गहने मिले. परिवार के मुताबिक, ये वही गहने थे जो उनके घर से चोरी हुए थे.
वीडियो बनाया, फिर पुलिस को सौंपा
मामले की जानकारी होने के बाद घरवालों ने आरोपी का वीडियो भी बनाया. बताया जा रहा कि उन्होंने आरोपी से पूछताछ की और उससे चोरी की बात कबूल करवाई. इसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने घर में किस तरह प्रवेश किया और चोरी में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं.
नशे में चोरी और फिर उसी घर में नींद
इस घटना की सबसे हैरान करने वाली बात यही है कि चोरी करने के बाद आरोपी फरार होने के बजाय उसी घर में सो गया. आमतौर पर चोरी के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश करते हैं, लेकिन इस मामले में नशे की हालत में होने के कारण आरोपी को यह भी ध्यान नहीं रहा कि वह चोरी किए गए सामान के साथ उसी घर में मौजूद है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

नूर मोहम्मद शेख
हैदराबाद की हर छोटी से बड़ी खबरों पर पैनी नजर और सनसनीखेज घटनाओं को जल्द से जल्द दर्शकों तक पहुंचाने की कला शेख नूर मोहम्मद को बखूबी आती है. आजतक और एनडीटीवी जैसे राष्ट्रीय चैनल में काम करने के बाद साल 2007 से Tv9 भारतवर्ष के साथ जुड़े हैं. TV9 तेलुगु में विभिन्न पदों पर रिपोर्टर के रूप में काम करते हुए साल 2016 में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में पदोन्नत हुए, तब से दक्षिणी राज्यों के लिए TV9 भारतवर्ष के साथ सफर जारी है.
Read More