मध्यप्रदेश में निवेश से गुजरात-एमपी के संबंध होंगे और मजबूत, युवाओं को मिलेंगे रोजगार: सीएम डॉ. यादव
मध्य प्रदेश, अरविंद लिमिटेड से महत्वपूर्ण औद्योगिक निवेश आकर्षित करने के लिए तैयार है, जिसमें धार में पीएम मित्र पार्क के लिए 1,200 करोड़ रुपये शामिल हैं। योजनाओं का उद्देश्य कपड़ा और परिधान क्षेत्र में नौकरियों का सृजन करना, औद्योगिक क्षेत्रों में पानी के पुनः उपयोग को बढ़ाना और गुजरात के साथ व्यापक राज्य सहयोग को बढ़ावा देते हुए क्षेत्रीय विकास में तेजी लाना है।
By Oneindia Staff
Published: Wednesday, August 12, 2026, 16:01 [IST]
मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 12 अगस्त को गुजरात के अहमदाबाद प्रवास के दौरान अरविंद लिमिटेड के वाइस चेयरमैन कुलीन लालभाई से मुलाकात कर मध्यप्रदेश में प्रस्तावित निवेश और औद्योगिक विस्तार को लेकर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात और मध्यप्रदेश के बीच सहयोग से दोनों राज्यों के संबंध और अधिक मजबूत होंगे। अरविंद समूह द्वारा मध्यप्रदेश में औद्योगिक इकाइयां स्थापित किए जाने से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि अरविंद समूह मध्यप्रदेश में तीन प्रमुख स्थानों पर अपनी औद्योगिक इकाइयां स्थापित कर रहा है। इनमें देवास के निकट बरलाई, धार स्थित पीएम मित्र पार्क और इंदौर का बेटमा शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप पीएम मित्र पार्क में अगले वर्ष तक उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार से प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय युवाओं को इसका लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक निवेश से रोजगार के साथ-साथ राज्य को कर राजस्व के रूप में अतिरिक्त संसाधन भी प्राप्त होंगे, जिससे प्रदेश के विकास को और गति मिलेगी।
पीएम मित्र पार्क में 1,200 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित
अरविंद लिमिटेड ने धार के पीएम मित्र पार्क में लगभग 1,200 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव रखा है। इसके लिए कंपनी को 105 एकड़ भूमि आवंटित की गई है।
बैठक में पीएम मित्र पार्क में उद्योग की स्थापना और निवेश प्रक्रिया को गति देने पर चर्चा हुई। सीसीआईपी के तहत आवेदन प्रक्रिया जल्द पूरी करने तथा शासन स्तर पर प्रस्ताव के त्वरित परीक्षण और अनुमोदन के लिए आवश्यक कार्रवाई पर भी विचार किया गया। वस्त्र एवं परिधान उद्योगों के लिए उपलब्ध निवेश प्रोत्साहनों की भी जानकारी दी गई। इनमें पूंजी अनुदान, ब्याज अनुदान, स्टाम्प एवं पंजीयन शुल्क की प्रतिपूर्ति, ग्रीन इंडस्ट्रियलाइजेशन और अनुसंधान एवं विकास सुविधाओं के लिए सहायता सहित अन्य प्रावधान शामिल हैं।
गारमेंट सेक्टर में रोजगार के नए अवसर
इंदौर में संचालित पेपकोन प्राइवेट लिमिटेड के साथ कंपनी के अनुबंध के तहत हर साल करीब 70 लाख परिधानों का निर्माण किया जाता है। मध्यप्रदेश में अरविंद समूह की औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार से गारमेंट और टेक्सटाइल क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात के सहयोग से मध्यप्रदेश के करीब 5,000 लोगों को गारमेंट सेक्टर में रोजगार मिलने की संभावना है।
औद्योगिक क्षेत्रों में जल के पुनः उपयोग पर जोर
बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में जल के पुनः उपयोग के लिए जीरो लिक्विड डिस्चार्ज (ZLD) समाधान की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। मध्यप्रदेश में विकसित किए जा रहे 90 से अधिक औद्योगिक पार्कों में टेक्सटाइल, फार्मा और अन्य औद्योगिक क्लस्टरों में कॉमन ZLD प्रणालियां स्थापित करने की संभावनाओं पर विचार किया गया।
इसके अलावा औद्योगिक पार्कों को नजदीकी नगर निगमों के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) से जोड़कर 'सर्कुलर वॉटर इकोनॉमी' मॉडल विकसित करने के सुझाव पर भी चर्चा हुई।
सिंहस्थ-2028 में आधुनिक संचार व्यवस्था पर चर्चा
बैठक में सिंहस्थ-2028 के दौरान मिशन-क्रिटिकल कम्युनिकेशन नेटवर्क के इस्तेमाल की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। अरविंद लिमिटेड और जेएम बक्सी समूह के संयुक्त उद्यम आर्य ऑम्निटॉक सॉल्यूशंस द्वारा मिशन-क्रिटिकल वायरलेस कम्युनिकेशन, वॉकी-टॉकी नेटवर्क, पीएमआरटी और सार्वजनिक सुरक्षा संचार समाधान उपलब्ध कराए जाते हैं।
सिंहस्थ-2028 में पुलिस, सुरक्षा बल, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और आयोजन प्रबंधन के लिए इस तरह के आधुनिक संचार नेटवर्क के उपयोग की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने GIS-2027 के लिए किया आमंत्रित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कुलीन लालभाई को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया। साथ ही उन्हें ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS)-2027 में सहभागिता के लिए भी आमंत्रित किया।
अरविंद लिमिटेड देश के प्रमुख टेक्सटाइल समूहों में शामिल है। वर्ष 1931 में स्थापित इस कंपनी का मुख्यालय अहमदाबाद में है। कंपनी डेनिम, परिधान, फैब्रिक्स और टेक्सटाइल वैल्यू चेन के क्षेत्र में काम करती है।
समूह की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में 60 हजार से अधिक लोग कार्यरत हैं, जबकि कंपनी एक लाख से अधिक कपास किसानों से कच्चे माल की खरीद करती है।
बैठक के दौरान मध्यप्रदेश में कंपनी के प्रस्तावित निवेश, पीएम मित्र पार्क में उद्योग स्थापना, रोजगार सृजन, वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र में निवेश, औद्योगिक क्षेत्रों में जल के पुनः उपयोग और सिंहस्थ-2028 के लिए आधुनिक संचार व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। इस दौरान अपर मुख्य सचिव, उद्योग नीरज मंडलोई, सचिव, उद्योग जॉन किंसले और एमपीआईडीसी के प्रबंध संचालक चंद्रमौली शुक्ला मौजूद रहे।