July 11, 2026

उज्जैन के उत्कृष्ट स्कूल में छात्रों का हंगामा, लगाया जाम: अंग्रेजी नहीं बोला पाया तो महिला टीचर ने अपशब्द कहे; पुरुष शिक्षक ने पीटा, फाड़ा शर्ट - Ujjain News

उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र स्थित उत्कृष्ट विद्यालय में शनिवार को हंगामा हो गया। कक्षा 12वीं के छात्रों ने एक महिला और एक पुरुष शिक्षक पर मारपीट और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए स्कूल के बाहर प्रदर्शन कर दिया।

.

छात्रों के समर्थन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता भी पहुंच गए और शास्त्री नगर रोड पर चक्काजाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद स्कूल प्रशासन ने शिक्षक से माफीनामा लिखवाया। वहीं, महिला शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से स्कूल से हटा दिया गया।

कक्षा 12वीं (ए-2) के छात्र शनिवार दोपहर पढ़ाई छोड़कर स्कूल के बाहर आ गए। उनका आरोप है कि इंटर्न शिक्षिका शुभी जायसवाल ने अंग्रेजी बोलने का दबाव बनाया। जब छात्र अंग्रेजी नहीं बोल पाए तो उन्होंने अपशब्द कहे।

छात्रों का कहना है कि विवाद के दौरान शिक्षक रवि पंड्या मौके पर पहुंचे और छात्र शिवेश चौधरी के साथ मारपीट की। घटना की जानकारी मिलते ही अन्य छात्र भी बाहर निकल आए। एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ उन्होंने नारेबाजी करते हुए चक्काजाम कर दिया। स्थिति को देखते हुए नीलगंगा और माधव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।

छात्र बोला- बाहर ले जाकर पीटा, शर्ट भी फाड़ दी

12वीं आर्ट्स (हिंदी) के छात्र शिवेश चौधरी ने बताया, "चौथे पीरियड में शुभी जायसवाल मैडम ने अंग्रेजी बोलने के लिए कहा। जब हम नहीं बोल पाए तो उन्होंने अंग्रेजी में अपशब्द कहे। इसके बाद रवि सर आए और मुझे बाहर ले गए, जहां उन्होंने मुझे काफी पीटा और मेरी शर्ट भी फाड़ दी।"

शिक्षिका बोलीं- छात्र शोर कर रहे थे, मोबाइल से वीडियो बनाने लगे

इंटर्न शिक्षिका शुभी जायसवाल ने बताया, "मैं कक्षा में बच्चों को पढ़ा रही थी। इस दौरान शिवेश सहित एक-दो छात्र टेबल हिलाकर शोर कर रहे थे। मना करने पर वे अशोभनीय टिप्पणियां करने लगे। इसके बाद उन्होंने बेंच जोर-जोर से बजाना शुरू कर दिया। मैंने डांटा तो उन्होंने मोबाइल निकालकर वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इसके बाद मैंने रवि सर को बुलाया। रवि सर ने छात्र को थप्पड़ मारा, जिसके जवाब में शिवेश ने भी रवि सर को थप्पड़ मार दिया।"

3 घंटे बाद खत्म हुआ प्रदर्शन

करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं और छात्रों ने जमकर हंगामा किया। शाम करीब 6:30 बजे स्कूल प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। प्राचार्य विभा शर्मा ने लिखित आश्वासन दिया कि महिला शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से हटाया जा रहा है। वहीं, शिक्षक रवि पंड्या के मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।