Gadchiroli News: महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. धानोरा तालुका के जपटलाई स्थित एक सरकारी सहायता प्राप्त आवासीय आश्रम स्कूल में रात को सोते समय जहरीले सांप के काटने से तीन छात्राओं की मौत हो गई. इस भयावह हादसे के बाद आश्रम स्कूल के साथ-साथ पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और छात्राओं के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जपटलाई स्थित इस आवासीय आश्रम स्कूल में सैकड़ों छात्राएं रहकर पढ़ाई करती हैं. रोज की तरह शनिवार रात भी छात्राएं अपने कमरे में सो रही थीं. देर रात किसी जहरीले सांप ने फर्श पर सो रही तीन छात्राओं को डस लिया.
सुबह जब अन्य छात्राओं और स्कूल प्रशासन को घटना की भनक लगी, तब तक तीनों छात्राओं की सांसें थम चुकी थीं. तीनों मृत छात्राओं के शवों को तुरंत गढ़चिरोली के जिला सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें आधिकारिक रूप से मृत घोषित कर दिया.
प्रशासनिक अमले में खलबली, जांच के आदेश
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए. मामले की गंभीरता को देखते हुए जनजातीय विकास मंत्री अशोक उइके ने तत्काल संज्ञान लिया और परियोजना अधिकारियों को ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर पूरी स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
समय पर क्यों नहीं मिला इलाज? उठ रहे कई गंभीर सवाल
इस दुखद घटना के बाद आश्रम स्कूल के प्रबंधन और व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. क्या स्कूल परिसर में प्राथमिक उपचार या एंटी-स्नेक वेनम की व्यवस्था थी? छात्राओं के सांप के काटने की जानकारी समय पर जिम्मेदार कर्मचारियों को क्यों नहीं हुई? क्या लड़कियों को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया था या लापरवाही बरती गई?
घटना के बाद से आश्रम स्कूल में रह रही अन्य सैकड़ों छात्राओं और उनके अभिभावकों के बीच भारी डर और दहशत का माहौल बन गया है. परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच करने और दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.

तन्वी गुप्ता
तन्वी गुप्ता मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला की रहने वाली हैं. स्कूल-कॉलेज धर्मशाला से करने के बाद शिमला में हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी से MMC की पढ़ाई की. मीडिया में 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. चंडीगढ़, हैदराबाद में नौकरी करने के बाद फिलहाल दिल्ली में जॉब कर रही हैं. प्रिंट, टेलीविजन के बाद 2017 से डिजिटल मीडिया के लिए काम कर रही हैं. इससे पहले आजतक, न्यूज18, द ट्रिब्यून, ईटीवी भारत और इंडिया न्यूज सहित कुछ अन्य मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं. क्राइम, इतिहास और साइंस एक्सपेरिमेंट्स की खबरों में खास रूचि है. फिलहाल टीवी9 डिजिटल में बतौर असिस्टेंट न्यूज एडिटर काम संभाल रही हैं. नौकरी के अलावा खेल-कूद और घूमने फिरने में भी काफी दिलचस्पी है. नेशनल लेवल पर वॉलीबॉल और बैडमिंटन खेल चुकी हैं. साथ ही खो-खो खेल में भी स्टेट लेवल तक खेल चुकी हैं. इसके अलावा एनसीसी 'C' सर्टिफिकेट प्राप्त है. गाना सुनना तो पसंद है ही. लेकिन सिंगिंग का भी शौक रखती हैं. स्कूल और कॉलेज लेवल पर सिंगिंग में भी काफी पुरस्कार मिल चुके हैं.
Read More