August 6, 2026

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीतमपुरा स्थित सर्वोदय विद्यालय में स्टेम इनोवेशन लैब का किया उद्घाटन

  • दिल्ली सरकार आधुनिक तकनीक और इनोवेशन आधारित शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को बना रही है फ्यूचर-रेडी: सीएम रेखा गुप्ता

नई दिल्ली(उत्तम हिन्दू न्यूज)- दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने गुरुवार को पीतमपुरा स्थित सर्वोदय विद्यालय में स्थापित साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग एंड मैथमेटिक्स (स्टेम-STEM) इनोवेशन लैब का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दौर में साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथमेटिक्स केवल विषय नहीं, बल्कि भविष्य की अर्थव्यवस्था और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय उन्हें एक्सपेरिमेंट आधारित शिक्षा, रचनात्मक सोच और प्रॉब्लम सॉल्विंग की क्षमता से सशक्त बनाना समय की आवश्यकता है।

इस अवसर पर क्रिकेटर और दा वन ग्रुप के चेयरमैन श्री शिखर धवन, एचएमडी इंडिया के प्रतिनिधिगण, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि स्टेम इनोवेशन लैब केवल एक प्रयोगशाला नहीं, बल्कि दिल्ली के विद्यार्थियों के लिए इनोवेशन, वैज्ञानिक सोच और असीम संभावनाओं के नए युग का आरंभ है। दिल्ली सरकार का लक्ष्य प्रत्येक सरकारी विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं, डिजिटल टेक्नोलॉजी और इनोवेशन आधारित शिक्षण संसाधनों से सुसज्जित करना है ताकि प्रत्येक विद्यार्थी भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सके।

उन्होंने कहा कि यह लैब विद्यार्थियों को नए विचारों पर कार्य करने, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान खोजने के लिए प्रेरित करेगी। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में गुणवत्तापूर्ण एवं टेक्नोलॉजी-सक्षम शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। आज के विद्यालयों में अध्ययन कर रहे विद्यार्थी ही कल के वैज्ञानिक, इंजीनियर, इनोवेटर, स्टार्टअप संस्थापक और राष्ट्र निर्माता बनेंगे। इसलिए सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक बच्चे को समान अवसर, आधुनिक संसाधन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शिखर धवन फाउंडेशन, एचएमडी इंडिया एवं दा वन ग्रुप का इस महत्वपूर्ण पहल में सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार और निजी क्षेत्र की पार्टनरशिप शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बन सकती है। ऐसे सहयोग से सरकारी विद्यालयों में आधुनिक शिक्षण संसाधनों का विस्तार होगा तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं टेक्नोलॉजी-आधारित शिक्षा का लाभ मिलेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इस प्रकार की पार्टनरशिप दिल्ली के शिक्षा तंत्र को और अधिक सशक्त बनाएंगी।

You Might Be Interested In

  • ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी का किया ऐलान, अगले छह महीनों में देशभर में संगठन का विस्तार
  • मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग की जीपी बस्ती में सामुदायिक शौचालय का किया उद्घाटन
  • मोदी कैबिनेट ने गोबरधन योजना को दी मंजूरी, अब कचरे से बनेगी गैस
  • सुप्रीम कोर्ट से आसाराम को झटका, खराब सेहत के आधार पर नहीं मिली अंतरिम जमानत
  • अतीक अहमद का एक और चिराग बुझा, छोटे बेटे की दर्दनाक मौत; इस तरह खत्म हुआ ‘डॉन’ का कुनबा
  • इंस्टाग्राम अकाउंट बंद होने पर केजरीवाल ने मेटा पर साधा निशाना; बोले- ‘पीएम मोदी के आगे इतना मत झुको’