August 6, 2026

एंटी नारकोटिक्स टीम से मुठभेड़ में तस्कर की मौत: एक को पकड़ा, कार में भरा था डोडा चूरा; सीने-पसलियों के पास लगी थी गोली - Bhilwara News

भीलवाड़ा में बुधवार देर रात एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और कार सवार तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें एक तस्कर की गोली लगने से मौत हो गई। उसके साथी को हिरासत में ले लिया है। घटना पुर थाना क्षेत्र में बाईपास पर बुधवार देर रात की है।

.

ANTF की टीम डोडा चूरा की तस्करी की सूचना पर एक संदिग्ध कार का पीछा कर रही थी, तभी तस्करों ने फायरिंग कर दी। पुलिस के अनुसार, तस्कर के सीने और पसलियों के पास गोली लगी थी।

मुठभेड़ के दौरान स्विफ्ट कार का अगला शीशा भी गोलियां लगने से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई।

कार की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में डोडा चूरा और कुछ अन्य संदिग्ध सामान मिला है।

तेज रफ्तार कार नहीं रोकी, शुरू कर दी फायरिंग

ANTF को डोडा चूरा की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद ANTF की टीम ने पुर बाईपास पर एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार को रुकने का इशारा किया। लेकिन ड्राइवर ने कार नहीं रोकी और तेजी से भागने लगा। ANTF की टीम ने पीछा किया तो पकड़े जाने के डर से कार सवार तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

ANTF ने जवाबी कार्रवाई करते हुए कार को रोकने के लिए फायरिंग की। इस दौरान कार में सवार भोपालगढ़ (जोधपुर) निवासी तस्कर गणपत (35) पुत्र आलाराम गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया।

कार में सवार उसका साथी महेंद्र गोदारा भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ANTF ने घेराबंदी कर उसे मौके से पकड़ लिया।

घायल तस्कर को तुरंत इलाज के लिए हॉस्पिटल लेकर गए, लेकिन उसकी मौत हो गई।

घायल तस्कर को तुरंत इलाज के लिए हॉस्पिटल लेकर गए, लेकिन उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर एसपी सागर राणा और डीसएपी राहुल जोशी देर रात पुर थाना पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। शहर और आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर बुलाया गया।

पुलिस को आशंका है कि कार्रवाई के दौरान एक दूसरी गाड़ी भी तस्करों के साथ थी, जिसमें मादक पदार्थ हो सकते हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

भीलवाड़ा में ANTF और तस्करों के बीच मुठभेड़ में गोली लगने से कार भी डैमेज हो गई।

भीलवाड़ा में ANTF और तस्करों के बीच मुठभेड़ में गोली लगने से कार भी डैमेज हो गई।

कई थानों में 10 से ज्यादा मामले दर्ज

सूत्रों के अनुसार, गणपत के खिलाफ अलग-अलग थानों में 10 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से मादक पदार्थों (ड्रग्स) की तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा हुआ था।

कार से बरामद डोडा चूरा की सटीक मात्रा का आकलन किया जा रहा है। मौके पर FSL की टीम को बुलाया गया है, जो हथियारों, कारतूस, वाहन और अन्य सामान की जांच करेगी।

यह खबर भी पढ़ें…

पुलिस से बचने को दो तस्कर चंबल में कूदे, मौत:100 फीट ऊंचाई से नदी में पथरीली जगह पर गिरे, नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे थे

कोटा जिले में पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर भागे दो तस्कर चंबल नदी में कूद गए। करीब 100 फीट ऊंचे पुल से पथरीली जगह पर गिरने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। (पूरी खबर पढ़ें)