August 5, 2026

जमीनी हकीकत जानने खेतों में उतरीं चंद्रपुर की जिलाधिकारी, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश| Navbharat Live

जमीनी हकीकत जानने खेतों में उतरीं चंद्रपुर की जिलाधिकारी, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

  • Written By:

    आंचल लोखंडे

Updated On: Aug 05, 2026 | 07:07 PM IST

विज्ञापन

सार

Chandrapur Collector: चंद्रपुर की जिलाधिकारी वसुमना पंत ने तलोधी (बा।) गांव के धान रोपाई वाले खेतों का दौरा कर महिला किसानों से सीधे संवाद किया।

chandrapur collector vasumana pant paddy transplantation women farmers

धान रोपाई- फाइल फोटो (सोर्सः सोशल मीडिया)

विस्तार

Chandrapur Agriculture News: धान उत्पादन के लिए प्रसिद्ध चंद्रपुर जिले में इन दिनों धान रोपाई का कार्य तेज़ी से चल रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी वसुमना पंत मंगलवार को सीधे तलोधी (बा.) गांव के धान के खेतों में पहुंचीं और रोपाई में जुटी महिला किसानों से संवाद किया। उन्होंने कीचड़ में खड़ी होकर मेहनत कर रही महिलाओं की खेती से जुड़ी समस्याएं, कठिनाइयां और अपेक्षाएं विस्तार से सुनीं।

जिलाधिकारी ने महिलाओं से वर्षा की स्थिति, खेती के लिए आवश्यक सुविधाओं तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल समाधान किया जाए तथा कार्यालयों तक सीमित रहने के बजाय गांव और खेतों में जाकर लोगों से सीधे संवाद स्थापित किया जाए।

धान रोपाई के दौरान महिला किसानों से मिलीं जिलाधिकारी

इससे पूर्व जिलाधिकारी ने तळोधी (बा.) स्थित शासकीय धान गोदाम का निरीक्षण कर ऑनलाइन धान वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने कम्प्रेस्ड बायोगैस परियोजना का दौरा कर उसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। नगर परिषद क्षेत्र में कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, पर्यावरण संरक्षण तथा किसानों को उससे मिलने वाले लाभों पर कृषि विभाग, नगर परिषद और संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।

सम्बंधित ख़बरें

ये भी पढे़: Chandrapur News: ब्रह्मपुरी का श्मशान घाट खुद गिन रहा आखिरी सांस, जर्जर खंभे बने हादसों का सबब

दौरे के दौरान अपर तहसील कार्यालय में राजस्व विभाग के विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी वसुमना पंत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों को सभी शासकीय सेवाएं निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से उपलब्ध कराई जाएं।

योजनाओं की ली जानकारी

इस अवसर पर तहसीलदार शेखर पुनसे, प्रभारी तहसीलदार उमेश कावळे, नायब तहसीलदार नरेश बोधे एवं स्मिता भैसारे, समूह विकास अधिकारी स्नेहल लाड, नगर परिषद की मुख्याधिकारी सोनम देशमुख, तालुका कृषि अधिकारी शिवकुमार पुजारी, उपविभागीय कृषि अधिकारी प्रफुल गव्हारे, जिला आपूर्ति अधिकारी राहुल बहादूरकर, निरीक्षण अधिकारी चांदेकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Follow Navbharatlive whatsapp