दिल्लीवासियों के लिए गुड न्यूज: सिविक सेंटर से बाकनेर गांव तक बस सेवा शुरू, जानें पूरा शेड्यूल
Delhi Bus Service: दिल्ली में डीटीसी ने सिविक सेंटर से बाकनेर गांव तक बस सेवा को शुरू किया है। यहां पढ़ें पूरी डिटेल...
दिल्ली में शुरू हुई बस सेवा।
- Published: 05 Aug 2026, 03:47 PM IST
- Last Updated: 05 Aug 2026, 03:47 PM IST
Delhi Bus Service: दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर और बाकनेर गांव के बीच नई बस सेवा शुरू कर दी गई है। इस शुरुआत से नरेला क्षेत्र समेत पूरे मार्ग पर रहने वाले छात्रों, महिलाओं, सीनियर नागरिकों, कर्मचारियों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और किफायती यात्रा का नया विकल्प मिलेगा।
नई बस सेवा रूट संख्या 131 के तहत संचालित की जाएगी। सुबह 8 बजे से लेकर साढ़े 8 बजे बस बाकनेर गांव से सिविक सेंटर के लिए रवाना होंगी। वहीं वापसी में शाम 5:45 बजे और 6:30 बजे सिविक सेंटर से बाकनेर गांव के लिए बस चलेगी। अपने तय रूट पर यह बस सिविक सेंटर, राजघाट, आईएसबीटी, मुकरबा चौक और शनि मंदिर जैसे मुख्य जगहों से होकर गुजरेगी, जिसके चलते पूरे रूट के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
हजारों यात्रियों का सफर आसान
नई बस सेवा की शुरुआत मंगलवार को दिल्ली नगर निगम मुख्यालय स्थित डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान की गई। दिल्ली नगर निगम के नेता सदन जय भगवान यादव और स्थायी समिति अध्यक्षा सत्या शर्मा ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।
नेता सदन जय भगवान यादव ने कहा कि दिल्लीवासियों को बेहतर, सुरक्षित और किफायती सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने इस नई बस सेवा के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से इस सुविधा की मांग कर रहे थे। उनका कहना है कि सेवा शुरू होने से हजारों यात्रियों का रोजाना सफर आसान होगा, समय की बचत होगी और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलने से सड़क यातायात भी अधिक व्यवस्थित हो सकेगा।
प्राइवेट गाड़ियों पर निर्भरता कम होगी
स्थायी समिति अध्यक्षा सत्या शर्मा ने कहा कि किसी भी आधुनिक और विकसित शहर की पहचान उसकी मजबूत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था होती है। उन्होंने कहा कि नई बस सेवा शुरू होने से प्राइवेट गाड़ियों पर निर्भरता भी कम हो जाएगी।
ट्रैफिक का दबाव घटेगा और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली नगर निगम जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बनाकर नागरिक सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रहा है।
कार्यक्रम में नरेला वार्ड समिति के उपाध्यक्ष दिनेश भारद्वाज, पार्षद राजपाल राणा, निगम के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने नई बस सेवा को बाहरी दिल्ली की संपर्क व्यवस्था मजबूत करने, लोगों की आवाजाही को आसान बनाने और क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।
पेट्रोल और समय की खपत होगी कम
पहली बार शुरू हुई इस रूट की बस से यात्रा करने वाले आम नागरिकों ने कहा कि इस बस सेवा के शुरू होने से उन्हें महीने के काफी पैसे और समय की बचत हो पाएगी। गाँव से यहां तक आने में निजी वाहन से काफी समय और पेट्रोल की खपत होती थी जो अब नहीं होगी। पैसों की बचत के साथ पॉल्यूशन फ्री और गर्मी से राहत देने वाली AC बस की यात्रा सुगम और सुरक्षित भी रहेगी। अब कोई भी शख्स अपने गांव से MCD से जुड़े या अन्य कोई कार्य के लिए अपने गांव से निकलने में संकोच नहीं करेगा।