Chatra News: झारखंड के चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव गांव में नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप के बाद भीड़ हिंसक हो गई. गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी बताए जा रहे युवक को घर से बाहर निकालकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा. गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
घटना के दौरान भीड़ ने मृतक के पिता को भी रस्सी से खंभे से बांध दिया और उनके साथ मारपीट की. इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए हैं.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, रविवार रात गांव की एक नाबालिग लड़की घर से बाहर शौच के लिए गई थी. आरोप है कि इसी दौरान उसका अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया. परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे. बीते सोमवार सुबह लड़की घर लौटी और उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी परिवार को दी.
इसके बाद गांव के लोगों में आक्रोश फैल गया. ग्रामीणों ने गांव के ही एक युवक पर इस घटना का आरोप लगाते हुए उसके घर पहुंचकर हमला कर दिया. पुलिस का कहना है कि दुष्कर्म के आरोपों की भी अलग से जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें- रंगदारी के पैसों से पाकिस्तान से खरीदता था हथियार! सुजीत सिन्हा के एनकाउंटर के बाद खुल रहीं गैंग की परतें
पुलिस जांच में जुटी, कई हिरासत में
मॉब लिंचिंग की घटना के बाद चतरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि हिंसा में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. अब तक करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.
इलाके में तनाव, सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद पूरे गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है. किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है. अधिकारियों का कहना है कि मामले के दोनों पहलुओं नाबालिग के साथ रेप और भीड़ द्वारा की गई हत्या की निष्पक्ष जांच की जाएगी. दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.

अशोक कुमार
अशोक कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 वर्षों से अधिक का अनुभव है. राजनीति, क्राइम और ऑफबीट खबरों में दिलचस्पी रखने के कारण इन क्षेत्रों की खबरों पर बेहतरीन पकड़ है. नई जगहों को एक्सप्लोर करने के साथ पढ़ने-लिखने का शौक रखते हैं. झारखंड की स्थानीय न्यूज़ चैनल में विभिन्न पदों पर काम करने के साथ-साथ, इन्होंने एपीएन न्यूज़ में बतौर ब्यूरो चीफ के रूप में भी काम किया है. अशोक कुमार ने झारखंड में पिछले 7 वर्षों के दौरान हुई छोटी-बड़ी राजनीतिक हलचलों को रिपोर्ट किया है. वर्तमान में वो टीवी9 डिजिटल से जुड़े हैं.
Read More