
CoE के काम पर उठे गंभीर सवाल. (फोटो- PTI)
BCCI Centre of Excellence: 15 अगस्त से शुरू हो रही श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से जसप्रीत बुमराह के बाहर होने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और नेशनल सलेक्शन कमेटी के बीच तालमेल की गंभीर कमी सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेलेक्टर्स को यह विश्वास दिलाया गया था कि बुमराह श्रीलंका के खिलाफ कम से कम एक टेस्ट मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे. हालांकि, बाद में पता चला कि उनकी चोट ज्यादा गंभीर है. इस स्थिति को लेकर को CoE के अधिकारियों और अजीत अगरकर के बीच एक वर्चुअल मीटिंग आयोजित की गई.
CoE के काम पर उठे गंभीर सवाल
नितिन पटेल के पद छोड़ने के बाद से BCCI में स्पोर्ट्स साइंस का कोई आधिकारिक हेड नहीं है और फिलहाल बेंगलुरु स्थित इस हाई-परफॉर्मेंस सेंटर की कमान अंतरिम हेड धनंजय कौशिक संभाल रहे हैं. खिलाड़ियों के रिहैबिलिटेशन और रिटर्न टू प्ले प्रोटोकॉल को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. हर्षित राणा के मामले में भी यह सवाल उठाया जा रहा है कि जब उनका वजन ज्यादा दिख रहा था तब भी स्पोर्ट्स साइंस टीम ने उन्हें फिट कैसे घोषित किया. इसके बाद उनकी हैमस्ट्रिंग चोट दोबारा उभर आई.
सवाल ये भी है कि युवा ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को बार-बार हैमस्ट्रिंग की समस्या का सामना करना पड़ रहा है. क्या स्पोर्ट्स साइंस टीम ने उनके बार-बार ब्रेकडाउन होने का कोई संज्ञान लिया? क्या नीतीश रेड्डी को गेंदबाजी की गति बढ़ाने के लिए फ्रीलांस फास्ट बॉलिंग कोच स्टीफन जोन्स से ट्रेनिंग लेने की एनओसी मिली थी? क्या अचानक स्पीड बढ़ाने के कारण उनकी हैमस्ट्रिंग प्रभावित हुई? दूसरी ओर, पैर की चोट से जूझ रहे साई सुदर्शन नेट में 75 मिनट तक बल्लेबाजी कर रहे हैं, लेकिन सेलेक्टर्स को डर है कि कहीं आखिरी वक्त पर उन्हें भी अनफिट न घोषित कर दिया जाए.
जांच के दायरे में भारतीय टीम के फिजियो कमलेश जैन
खिलाड़ियों की बढ़ती चोटों के कारण भारतीय टीम के मेन फिजियो कमलेश जैन की भूमिका पर भी अब समीक्षा की जा रही है. पिछले पांच सालों से टीम इंडिया के साथ जुड़े कमलेश जैन खिलाड़ियों के बीच काफी लोकप्रिय हैं, लेकिन टीम में चोटों की बाढ़ को देखते हुए उनके प्रदर्शन पर सवाल उठने लगे हैं.
BCCI की रिव्यू मीटिंग पर टिकीं नजरें
इंग्लैंड दौरे के बाद से ही BCCI की एक उच्च स्तरीय रिव्यू मीटिंग होना बाकी है. इस रिव्यू मीटिंग में हेड कोच गौतम गंभीर, चेयरमैन ऑफ सेलेक्टर अजीत अगरकर, CoE के हेड ऑफ क्रिकेट वीवीएस लक्ष्मण और BCCI सचिव देवजीत सैकिया शामिल होंगे. जिसके ये मुद्दा उठने वाला है. स्पोर्ट्स साइंस टीम के अलावा फिजियो कमलेश जैन पर इस दौरान बड़ा फैसला लिया जा सकता है.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More