Siddharth Roy Kapur Birthday: बॉलीवुड के जाने-माने फिल्ममेकर सिद्धार्थ रॉय कपूर आज अपना 51वां जन्मदिन मना रहे हैं. फिल्म इंडस्ट्री में वो एक ऐसे प्रोड्यूसर के रूप में पहचाने जाते हैं, जिन्होंने कई यादगार और सफल फिल्मों का प्रोडक्शन किया है. प्रोफेशनल लाइफ में बड़ी सफलता हासिल करने वाले सिद्धार्थ की निजी जिंदगी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही. दो असफल शादियों के बाद उन्हें एक्ट्रेस विद्या बालन के रूप में अपना जीवनसाथी मिला और आज दोनों बॉलीवुड के सबसे पसंदीदा कपल्स में गिने जाते हैं.
सिद्धार्थ रॉय कपूर न सिर्फ सफल फिल्म निर्माता हैं, बल्कि भारतीय मनोरंजन इंडस्ट्री के सबसे दमदार नामों में भी शामिल हैं. उन्होंने कॉरपोरेट जगत से लेकर फिल्म प्रोडक्शन तक अपनी अलग पहचान बनाई है. उनके जन्मदिन के मौके पर जानते हैं उनकी जिंदगी, करियर और लव स्टोरी से जुड़ी कुछ खास बातें.
मुंबई में हुआ जन्म, पढ़ाई में भी रहे अव्वल
सिद्धार्थ रॉय कपूर का जन्म 2 अगस्त 1974 को मुंबई में हुआ था. उनका पालन-पोषण एक शिक्षित और कला प्रेमी फैमिली में हुआ. उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई जी. डी. सोमानी मेमोरियल स्कूल से पूरी की, जहां वो पढ़ाई के साथ-साथ लीडरशिप एबिलिटी के लिए भी जाने जाते थे. स्कूल के दिनों में वो हेड बॉय भी रहे.
स्कूल के बाद उन्होंने सिडेनहैम कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स से कॉमर्स में ग्रेजुएशन किया. इसके बाद उन्होंने जमनालाल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (JBIMS) से एमबीए की डिग्री हासिल की. पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कॉरपोरेट सेक्टर में अपने करियर की शुरुआत की और धीरे-धीरे मनोरंजन इंडस्ट्री की ओर बढ़ गए.
फिल्मी परिवार से रखते हैं ताल्लुक
सिद्धार्थ रॉय कपूर का परिवार लंबे समय से आर्ट और मनोरंजन जगत से जुड़ा रहा है. उनकी मां सलोमी रॉय कपूर पूर्व मिस इंडिया रह चुकी हैं. वो एक डांसर और स्टेज कोरियोग्राफर भी थीं. सिद्धार्थ के दोनों भाई आदित्य रॉय कपूर और कुणाल रॉय कपूर बॉलीवुड के जाने-माने एक्टर हैं. आदित्य ने 'आशिकी 2', 'ये जवानी है दीवानी' और 'मलंग' जैसी फिल्मों से पॉपुलेरिटी हासिल की, जबकि कुणाल अपनी कॉमिक टाइमिंग और अलग अंदाज के लिए पहचाने जाते हैं.
कॉरपोरेट दुनिया से फिल्म इंडस्ट्री तक का सफर
सिद्धार्थ रॉय कपूर ने अपने करियर की शुरुआत मीडिया और एंटरटेनमेंट सेक्टर में की. उन्होंने कई बड़े मीडिया संस्थानों में काम किया और बाद में डिज्नी इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर बने. उनके लीडरशिप में डिज्नी इंडिया ने कई बड़े प्रोजेक्ट्स और फिल्मों पर काम किया. साल 2017 में उन्होंने डिज्नी इंडिया से इस्तीफा देकर अपना प्रोडक्शन हाउस 'रॉय कपूर फिल्म्स' शुरू किया. इसके बाद उन्होंने फिल्मों और वेब प्रोजेक्ट्स का निर्माण करना शुरू किया. आज वो फिल्म एंड टेलीविजन प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के अध्यक्ष के रूप में भी अहम जिम्मेदारी निभा चुके हैं.
नहीं चलीं दो शादियां, फिर रचाई तीसरी शादी
सिद्धार्थ रॉय कपूर की निजी जिंदगी भी काफी चर्चा में रही है. उन्होंने पहली शादी अपनी बचपन की दोस्त आरती बजाज से की थी. हालांकि ये रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल पाया और दोनों अलग हो गए. इसके बाद उन्होंने टीवी प्रोड्यूसर कविता से दूसरी शादी की, लेकिन ये रिश्ता भी सफल नहीं हो सका. दो असफल शादियों के बाद सिद्धार्थ की जिंदगी में एक्ट्रेस विद्या बालन की एंट्री हुई और यहीं से उनकी जिंदगी ने नया मोड़ लिया.
करण जौहर ने कराई थी पहली मुलाकात
सिद्धार्थ रॉय कपूर और विद्या बालन की पहली मुलाकात फिल्मफेयर अवॉर्ड्स के दौरान हुई थी. दोनों की मुलाकात मशहूर फिल्ममेकर करण जौहर ने करवाई थी. पहली मुलाकात के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे उनकी दोस्ती गहरी होती चली गई. समय के साथ ये दोस्ती प्यार में बदल गई. दोनों ने कुछ समय तक एक-दूसरे को डेट किया और फिर शादी करने का फैसला लिया.
पंजाबी और तमिल रीति-रिवाज से हुई शादी
सिद्धार्थ रॉय कपूर और विद्या बालन ने 14 दिसंबर 2012 को शादी की. ये शादी मुंबई में बेहद निजी इवेंट में हुई थी, जिसमें सिर्फ परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त ही शामिल हुए थे. दिलचस्प बात ये रही कि शादी में दोनों परिवारों की परंपराओं का सम्मान करते हुए पंजाबी और तमिल दोनों रीति-रिवाजों से विवाह संपन्न कराया गया. शादी के बाद से दोनों बॉलीवुड के सबसे मजबूत और खुशहाल कपल्स में गिने जाते हैं. दोनों अक्सर सार्वजनिक कार्यक्रमों और अवॉर्ड फंक्शन्स में साथ नजर आते हैं.
ये भी पढ़ें: Explainer: कौन है Jean Grey? मार्वल की सबसे ताकतवर म्यूटेंट, जिसने Spider-Man की बढ़ाई मुश्किलें, जानिए पूरी कहानी