August 2, 2026

'ईरान पर किया जाएगा ऐसा हमला, दूसरे विश्व युद्ध के बाद नहीं देखी होगी ऐसी तबाही', ट्रंप की तेहरान को चेतावनी

US-Iran War: मिडिल ईस्ट में एक बार फिर से शांत बहाली की उम्मीद लौटने लगी है. दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में दावा किया कि मध्य पूर्व के सहयोगी देश ईरान के साथ पांच महीने से चल रहे युद्ध को खत्म करने के लिए एक समझौते की शर्तों पर सहमत हो गए हैं. उन्होंने यह भी कहा कि वह फिलहाल ईरान पर नए हमले करने का आदेश नहीं देंगे.

ट्रंप ने शनिवार को कहा कि अमेरिका ईरान के खिलाफ अभूतपूर्व सैन्य कार्रवाई करने के लिए तैयार था, लेकिन यह जानकारी मिलने के बाद कि टकराव खत्म करने के समझौते की शर्तों पर सहमति बन गई है, उन्होंने कार्रवाई न करने का फैसला किया.

'होर्मुज को तुरंत और पूरी तरह से खोलना': ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट में लिखा, "अमेरिका पूरी तरह तैयार है और इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के खिलाफ ऐसी सैन्य ताकत और शक्ति के साथ कार्रवाई करने को तैयार है, जैसी दूसरे विश्व युद्ध के बाद से कभी नहीं देखी गई." उन्होंने आगे कहा कि ईरान और मध्य पूर्व के अन्य देशों ने अमेरिका से किसी भी सैन्य कार्रवाई में देरी करने का अनुरोध किया था क्योंकि "एक समझौते की रूपरेखा पर सहमति बन गई है."

उन्होंने आगे लिखा, "इसके बावजूद, ईरान और अन्य मध्य पूर्वी देशों ने हमसे किसी भी हमले को रोकने का अनुरोध किया है क्योंकि समझौते की सीमाओं पर सहमति बन चुकी है." राष्ट्रपति ट्रंप के मुताबिक, प्रस्तावित समझौते में "होर्मुज जलडमरूमध्य को तुरंत, पूरी तरह और पूर्णतः खोलना और ईरान के परमाणु खतरे का अंत करना शामिल होगा."

pic.twitter.com/uRYgMoCrkn

— Rapid Response 47 (@RapidResponse47) August 2, 2026

इस फैसले में इजरायल भी हमारे साथ: डोनाल्ड ट्रंप

राष्ट्रपति ट्रंप ने आगे कहा, "इस अनुरोध के आधार पर, और दुनिया के भविष्य के फायदे और साथ ही एक सफल और समृद्ध ईरान के बने रहने के लिए, मैंने हमला रद्द करने पर सहमति जताई है, बशर्ते कि जल्द ही कोई डील हो सके. इजरायल भी इस फैसले में मेरे साथ है. सब लोग काम पर लग जाइए और इसे पूरा कीजिए."

जॉर्डन में हुए हमलों के बाद ट्रंप ने दी थी धमकी

बता दें कि ईरान ने बीते सप्ताह जॉर्डन में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला करने की कोशिश की थी. लेकिन अमेरिका ने इन हमलों को नाकाम कर दिया है. इस हमले के बाद ट्रंप ने ईरान पर घातक हमला कर बदला लेने की बात कही थी. शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, "हम बस जीतना चाहते हैं" इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अमेरिका ईरान पर "बहुत जोरदार" हमला करेगा, जब तक कि वह "इसे और बर्दाश्त न कर सके."

अमेरिका ने ईरान पर लगाया युद्धविराम तोड़ने का आरोप

वहीं व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने तेहरान पर पिछले महीने वॉशिंगटन के साथ हुए युद्धविराम समझौते को तोड़ने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि ईरान ने एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए थे, लेकिन बाद में "उसे तोड़ दिया, कमर्शियल जहाजों पर गोलीबारी की और अमेरिकी सैनिकों की जान ली."

ये भी पढ़ें: अमेरिकी बेस पर ईरान का बड़ा हमला, कुवैत में US ड्रोन हैंगर और फ्यूल सेंटर पूरी तरह तबाह

अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए जारी किया अलर्ट

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच, अमेरिकी विदेश विभाग ने शनिवार को मध्य पूर्व के 10 देशों में मौजूद अमेरिकियों के लिए सुरक्षा को लेकर नए अलर्ट जारी किया और उनसे ज्यादा सावधानी बरतने को कहा. अमेरिका ने अपने नागरिकों को बहरीन, इजरायल, इराक, जॉर्डन, कुवैत, लेबनान, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के लिए अलर्ट जारी किया है. जिसमें अमेरिका ने अपने नागरिकों को सलाह दी गई कि वे बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बीच संभावित फ्लाइट रद्द होने, कुछ समय के लिए एयरस्पेस बंद होने और यात्रा में अन्य रुकावटों के लिए तैयार रहें.

ये भी पढ़ें: ईरान में इस वीकेंड मचेगी भीषण तबाही? राष्ट्रपति ट्रंप ने सेना को दिया ये आदेश, रिपोर्ट में सीक्रेट प्लानिंग का हुआ खुलासा