July 31, 2026

गयाजी में डीलर संघ अध्यक्ष की मौत को हत्या बताया: पत्नी बोली- पुरानी रंजिश में मेरे पति को मार डाला, सड़क हादसे में उनकी जान नहीं गई - Gaya News

गयाजी में डीलर संघ अध्यक्ष की मौत को हत्या बताया:पत्नी बोली- पुरानी रंजिश में मेरे पति को मार डाला, सड़क हादसे में उनकी जान नहीं गई

गयाजी5 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

गयाजी के बेलागंज थाना क्षेत्र में डीलर संघ के प्रखंड अध्यक्ष सुजीत कुमार पासवान की मौत का मामला गरमा गया है। उनकी पत्नी रेखा देवी ने शुक्रवार को एसएसपी सुशील कुमार को आवेदन देकर इस मामले की सीआईडी या सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने बेलागंज थाना कांड संख्या 477/26 की निष्पक्ष जांच की अपील की है।

रेखा देवी का आरोप है कि उनके पति की मौत सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्या है। उन्होंने दोषियों को सजा दिलाने के लिए निष्पक्ष जांच की मांग की है। अपने आवेदन में उन्होंने बताया कि 16 जुलाई 2026 को सुजीत कुमार पासवान किसी काम से निकले थे।

फोन पर बातचीत के दौरान बेटी ने नोकझोंक की आवाज सुनी

दोपहर करीब 2:12 बजे उनकी बेटी की अपने पिता से फोन पर बात हुई थी। बातचीत के दौरान बेटी ने किसी व्यक्ति से तीखी नोकझोंक होने की आवाज सुनी थी, जिसके तुरंत बाद सुजीत कुमार का मोबाइल बंद हो गया। इसके बाद परिजनों का उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका।

परिजनों के अनुसार, बाद में उन्हें सूचना मिली कि सुजीत कुमार गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले हैं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पत्नी बोली- अस्पताल में डॉक्टरों ने गर्दन की हड्डी टूटने, रीढ़ की हड्डी में चोट की बात कही थी

रेखा देवी ने बताया कि अस्पताल में डॉक्टरों ने उनके पति की गर्दन की हड्डी टूटी होने और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट होने की जानकारी दी थी। उनके शरीर पर सड़क दुर्घटना से होने वाली अन्य गंभीर चोटों के निशान नहीं थे, जिससे हत्या की आशंका और भी पुख्ता होती है।

आवेदन में यह भी उल्लेख है कि मृतक की मोटरसाइकिल सड़क किनारे सही स्थिति में खड़ी मिली थी। परिजनों का तर्क है कि यदि यह सड़क दुर्घटना होती, तो बाइक भी क्षतिग्रस्त होती।

इसी आधार पर परिजनों ने सवाल उठाया है कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां थीं, जिनमें बाइक सुरक्षित रही, लेकिन सुजीत कुमार की जान चली गई। रेखा देवी ने बताया कि उनके पति बेलागंज डीलर संघ के प्रखंड अध्यक्ष थे और सामाजिक रूप से काफी सक्रिय रहते थे।

आवेदन के साथ डीलर संघ के प्रखंड अध्यक्ष सुजीत कुमार पासवान की पत्नी और साथ में बेटी और एक रिश्तेदार महिला।

आवेदन के साथ डीलर संघ के प्रखंड अध्यक्ष सुजीत कुमार पासवान की पत्नी और साथ में बेटी और एक रिश्तेदार महिला।

पत्नी बोली- पुरानी रंजिश में मेरे पति की हत्या की गई

उनका आरोप है कि किसी पुरानी रंजिश या दुश्मनी के कारण उनके पति की हत्या की गई और बाद में घटना को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई। पीड़ित ने आवेदन में स्थानीय पुलिस की जांच पर भी सवाल उठाते हुए कहा है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए इसे सीआईडी या सीबीआई को सौंपा जाए।

उनका कहना है कि स्वतंत्र एजेंसी से जांच होने पर ही पूरे घटनाक्रम का सच सामने आएगा और वास्तविक दोषियों की पहचान हो सकेगी। फिलहाल पुलिस इस मामले में बेलागंज थाना कांड संख्या 477/26 के तहत जांच कर रही है।

वहीं, मृतक के परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों और सीआईडी/सीबीआई जांच की मांग के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। अब सबकी नजर पुलिस प्रशासन के अगले कदम और जांच की दिशा पर टिकी हुई है।

.