
तमीम इकबाल ने भारतीय टीम के बांग्लादेश दौरे को साकार करने के लिए सरकार से मदद मांगीImage Credit source: GETTY IMAGES
Team India’s Tour of Bangladesh: भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट संबंध अभी तक पूरी तरह पटरी पर नहीं आ सके हैं. इस साल की शुरुआत में मुस्तफिुजर रहमान को IPL से बाहर करने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और वहां की सरकार ने तेवर दिखाते हुए भारत में टी20 वर्ल्ड कप खेलने से इनकार कर दिया था. उसके बाद से देश और बोर्ड की सत्ता तो बदल गई है लेकिन अभी भी भारत का भरोसा नहीं जीत पाए हैं. यही कारण है कि बांग्लादेशी बोर्ड के नए अध्यक्ष तमीम इकबाल ने अपनी सरकार से गुहार लगाई है कि वो भारत सरकार से बात करे और टीम इंडिया को बांग्लादेश आने के लिए मनाए.]
विवादों के कारण 2 बार टल चुकी सीरीज
भारत और बांग्लादेश के बीच 2024 में वनडे और टी20 सीरीज खेली जानी थी. मगर तब बांग्लादेश के हालात बिगड़ने के बाद इसे 2025 के लिए टाल दिया गया था, जो फिर सितंबर 2026 के लिए टल गई थी. मगर मुस्तफिजुर रहमान और टी20 वर्ल्ड कप को लेकर छिड़े विवाद ने दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड के रिश्तों को तल्ख कर दिया था. हालांकि बांग्लादेश में सरकार बदलने और BCB के अध्यक्ष के रूप में पूर्व कप्तान तमीम इकबाल की वापसी ने हालात कुछ सुधारे हैं.
तमीम ने विदेश राज्य मंत्री से मांगी मदद
बदले हुए हालातों और तमीम का भारत समर्थक रवैया होने के बावजूद अभी तक इस सीरीज को लेकर स्थिति साफ नहीं हुई है. यही कारण है कि तमीम इकबाल को अब बांग्लादेश सरकार से मदद मांगनी पड़ी है. क्रिकबज की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि 30 जुलाई को BCB अध्यक्ष तमीम और उनके साथ बांग्लादेशी बोर्ड की सुरक्षा समिति के चेयरमैन सैय्यद इब्राहिम ने बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम से मुलाकात की.
हालांकि तमीम ने खुद इस मीटिंग को लेकर किसी तरह की डिटेल उजागर नहीं की लेकिन रिपोर्ट में बताया गया है कि उन्होंने सरकार से निवेदन किया कि वो भारत सरकार से बात करें. साथ ही उन्हें इस सीरीज के लिए टीम इंडिया को बांग्लादेश भेजने के लिए मनाएं. बोर्ड की जिम्मेदारी संभालने के बाद से ही तमीम इकबाल BCCI के साथ BCB के संबंधों को सुधारने को अपनी प्राथमिकता बता चुके हैं और इस सीरीज को साकार करने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More