
Bajaj Finance के शेयर में तेजी
Bajaj Finance shares: शेयर बाजार में शुक्रवार को बजाज फाइनेंस के शेयरों ने कमाल कर दिया. कंपनी का शेयर लगभग 8.5 फीसदी उछलकर 1,143 रुपये के रिकॉर्ड हाई (सबसे ऊंचे स्तर) पर पहुंच गया. सुबह बाजार खुलते ही इसमें इतनी तगड़ी खरीदारी हुई कि यह निफ्टी 50 इंडेक्स के टॉप गेनर्स में शामिल हो गया. पिछले छह महीनों के प्रदर्शन पर नजर डालें तो यह शेयर करीब 24 फीसदी तक चढ़ चुका है. अकेले पिछले एक महीने में इसने निवेशकों को 14 फीसदी का मजबूत रिटर्न दिया है. इस भारी तेजी की वजह है कंपनी का हालिया रिपोर्ट कार्ड, जिसने शेयर बाजार के बड़े-बड़े जानकारों की उम्मीदों को पीछे छोड़ दिया है.
कमाई में जबरदस्त इजाफा
गुरुवार को बजाज फाइनेंस ने अप्रैल-जून 2026 तिमाही के नतीजे जारी किए. इन तीन महीनों में कंपनी का कुल मुनाफा 27 फीसदी बढ़कर 5,986 करोड़ रुपये हो गया है. सीधे शब्दों में कहें तो कंपनी ने उम्मीद से कहीं ज्यादा कमाई की है. वहीं, कर्ज पर ब्याज से होने वाली नेट इनकम भी 23 फीसदी बढ़कर 12,571 करोड़ रुपये रही. सबसे अच्छी बात यह रही कि कंपनी के बांटे गए लोन के डूबने का खतरा पहले से काफी कम हुआ है. बैंकिंग की भाषा में इसे एनपीए (NPA) कहते हैं. कंपनी का ग्रॉस एनपीए 1.03 फीसदी से घटकर 0.96 फीसदी पर आ गया है. मतलब साफ है कि कंपनी ने जिन लोगों या कारोबारियों को कर्ज दिया है, वहां से समय पर पैसा वापस आ रहा है. बाजार को कंपनी की यही मजबूती सबसे ज्यादा पसंद आई.
शेयर बाजार का ‘आयरन मैन’
नतीजे इतने शानदार रहे कि दुनिया की बड़ी ब्रोकरेज कंपनियों ने इसके टारगेट प्राइस (भविष्य में शेयर की अनुमानित कीमत) बढ़ा दिए हैं. मशहूर ब्रोकरेज फर्म सीएलएसए (CLSA) ने तो बजाज फाइनेंस को अपने सेक्टर का ‘आयरन मैन’ तक कह दिया है. सीएलएसए ने शेयर खरीदने की सलाह देते हुए इसका नया टारगेट 1,300 रुपये तय किया है. उनका मानना है कि कंपनी का कामकाज बेहतरीन रहा है.
इसी तरह एचएसबीसी (HSBC) ने भी इसका टारगेट बढ़ाकर 1,270 रुपये कर दिया है और भविष्य के मुनाफे को लेकर भी अच्छी उम्मीद जताई है. नोमुरा (Nomura) ने भी खरीदारी की सलाह देते हुए 1,140 रुपये का लक्ष्य रखा है. हालांकि, बाजार में हमेशा जोखिम होता है और सबकी राय एक जैसी नहीं होती. बर्नस्टीन (Bernstein) नाम की फर्म का मानना है कि शेयर की कीमत पहले ही काफी बढ़ चुकी है, इसलिए उन्होंने इसे ‘अंडरपरफॉर्म’ रेटिंग देते हुए 840 रुपये का टारगेट दिया है.
कंपनी पर निवेशकों का भरोसा मजबूत
नतीजों के बाद कंपनी के मैनेजमेंट ने जो बातें कहीं, उससे निवेशकों का भरोसा और ज्यादा मजबूत हुआ है. कंपनी का कहना है कि उनके बिजनेस और पर्सनल लोन दोनों ही सेगमेंट में तेजी से ग्रोथ दिख रही है. बाजार के जानकारों का मानना है कि अगर यही रफ्तार बनी रही, तो अगली तिमाही (दूसरी तिमाही) के नतीजों के बाद कंपनी अपने अनुमानों को और भी बेहतर कर सकती है.
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.
विभव शुक्ला
विभव शुक्ला वर्तमान में TV9 हिंदी में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर बिजनेस डेस्क पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता में उन्हें छह वर्षों का अनुभव है. विभव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की थी. इसके बाद वह Inshorts और गुजरात फर्स्ट जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े रहे हैं.
Read More