July 29, 2026

वो केवल कहानी सुनाते हैं, कोई ज्ञान नहीं; राहुल गांधी के संसद वाले भाषण पर भड़की भाजपा

वो केवल कहानी सुनाते हैं, कोई ज्ञान नहीं; राहुल गांधी के संसद वाले भाषण पर भड़की भाजपा

Jul 29, 2026 05:27 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधने के बाद भाजपा हमलावर हो गई है। सत्ताधारी पार्टी की तरफ से कहा गया कि राहुल गांधी बिना किसी तर्क और बिना किसी सबूत के गालियां दे रहे हैं। वह केवल कहानियां सुना रहे हैं।

Rahul gandhi

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी

Lok Sabha Monsoon Session Rahul Gandhi: संसद के मॉनसून सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जबरदस्त बहस हो रही है। संसद में लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर जंतर मंतर आंदोलन के समय ऐक्शन लेने का आदेश देने का आरोप लगाया। उनके तीखे बयानों के परिणाम स्वरूप भारतीय जनता पार्टी भी हमलावर हो गई। सत्ताधारी पार्टी की तरफ से मोर्चा संभालते हुए वरिष्ठ सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि राहुल गांधी के पास कोई तथ्य नहीं हैं। वह केवल कहानियां सुनाते हैं।

वरिष्ठ भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें कोई ज्ञान नहीं है। उन्होंने कहा, "वह केवल कहानियां सुनाते हैं। कोई ज्ञान नहीं केवल तथ्यहीन बातें करते हैं। स्पीकर बार-बार मना कर रहे थे। लेकिन इसके बाद भी वह लगे रहे। उन्होंने कितनी बार पीएम को नहीं बोलने दिया। राजनाथ सिंह को पूरी पार्टी को कुछ भी बोलते जा रहे थे और फिर उन्होंने गृह मंत्री के खिलाफ भी बातें करना शुरू कर दिया।"

बिना किसी तर्क और सबूत के गालियां दे रहे हैं राहुल गांधी- गिरिराज सिंह

जगदंबिका पाल के अलावा केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक साधारण सदस्य भी बिना सबूतों के कुछ नहीं बोल सकता। लेकिन यहां तो नेता प्रतिपक्ष बिना सबूत के ही गालियां दे रहे हैं। उन्होंने कहा, "ये मजाक है, गुड्डा गड़ियों का खेल है क्या? विपक्ष के नेता हैं वे। एक साधारण सदस्य तक नहीं बोल सकता। बिना तर्क, सबूत के गालियां दे रहे हैं। हम सबूत मांग रहे हैं कि किस ऑर्डर से फायरिंग हुई। उनको इतना भी समझ नहीं है कि आंसू गैस गोलीबारी नहीं है।"

सदन और देश से माफी मांगे राहुल गांधी- पीयूष गोयल

राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के पास बोलने के लिए कुछ नहीं है। इसलिए वह केवल झूठ बोलते हैं। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी के पास कुछ बोलने के लिए नहीं। एक घंटे में विषय पर नहीं बोले। जो डिबेट से संबंधित एक शब्द भी नहीं बोले। झूठ का पुलिंदा राहुल गांधी के बयान में दिखता है। जब कोई फायरिंग हुई नहीं, राहुल गांधी झूठा आरोप लगा रहे हैं। उन्हें सदन और देश से माफी मांगनी चाहिए।”

क्या कहा था राहुल गांधी ने?

लोकसभा में लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026' पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने केंद्रीय गृहमंत्री की अनुपस्थिति पर सवाल उठाते हुए जमकर हमला बोला। उन्होंने जंतर मंतर पर हुए छात्रों के आंदोलन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि गृहमंत्री अमित शाह ने ही छात्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आदेश दिया था। कांग्रेस सांसद ने कहा कि प्रदर्शनकारी बच्चों के माता-पिता में साहस नहीं है कि वह भाजपा और उसके वैचारिक संगठन का मुकाबला करें, लेकिन यह बच्चे सत्ता के सामने खड़े हो गए।

इसके अलावा कांग्रेस नेता ने कुछ असंसदीय शब्दों का भी प्रयोग किया। इनको लेकर भाजपा भड़क गई, जिसके बाद सत्ताधारी सांसदों ने राहुल गांधी से माफी की मांग करते हुए उनके शब्दों को सदन की कार्यवाही से हटाने की मांग की। बाद में स्पीकर के निर्देश पर उन शब्दों को हटा दिया गया।