July 29, 2026

फंदे से लटकी मिली महिला अमीन, भाई बोला- अफेयर था: पिता से कहा था- ऑफिस में लोग अच्छे नहीं हैं, काम का भी लोड रहता है - Khagaria News

खगड़िया में बुधवार को एक महिला अमीन ने अपने किराए के कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 28 साल की बरखा रानी के रूप में हुई है। वो गोगरी अंचल और DCLR ऑफिस में पोस्टेड थी।

.

बरखा रानी मूल रूप से कटिहार जिले के सेमापुर की रहने वाली थीं। वो फिलहाल गोगरी के छोटी चक स्थित नवीन पंडित के मकान में किराए पर रहती थी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

घटना की सूचना पर गोगरी SDO संजय कुमार, DCLR राजकुमार, DSP चंदन ठाकुर, CO आमिर हुसैन और थानाध्यक्ष अरबिंद कुमार घटनास्थल पर पहुंचे।

घटना से जुड़ी 4 तस्वीरें देखिए…

बरखा रानी की मौत के बाद रोते-बिलखते परिवार के लोग।

बरखा रानी की मौत के बाद रोते-बिलखते परिवार के लोग।

पुलिस को FSL की टीम कमरे में जांच करती हुई।

पुलिस को FSL की टीम कमरे में जांच करती हुई।

बरखा रानी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाते परिजन।

बरखा रानी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाते परिजन।

बेड पर पड़ी बरखा की बॉडी और रोते बिलखते परिवार के लोग।

बेड पर पड़ी बरखा की बॉडी और रोते बिलखते परिवार के लोग।

मां बोली- किराए के मकान में अकेले रहती थी बेटी

बरखा की मां रूबी देवी ने बताया कि बेटी किराए के घर में अकेले रहती थी। सुबह उसके रूम का गेट नहीं खुला तो मकान मालिक ने हमें सूचना दी। शक होने पर उन लोगों ने दरवाजा तोड़ा देखा तो वो फंदे से लटकी थी।

पुलिस ने शव को नीचे उतारा। जानकारी मिलने के बाद हम लोग भी कटिहार से खगड़िया के लिए निकल गए थे। 1 घंटे में हम लोग भी वहां पहुंच गए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

पिता बोले- बेटी कहती थी यहां लोग अच्छे नहीं हैं

बरखा के पिता विभूति भूषण ने बताया कि घर से परसो बेटी को छोड़कर आया था। वो कहती थी कि यहां के लोग अच्छे नहीं हैं, मुझे इसपर शक हुआ। अब यहां क्या हुआ वो भगवान जानें। सब से मिल कर रहती थी, ऑफिस से प्रेशर था काम का, मुझे बोली थी यहां बहुत काम करना पड़ रहा है। 3 साल से रह रही थी यहां, कुछ दिन में ट्रांस्फर होने वाला था।

भाई बोला- ऑफिस में चल रहा था अफेयर

बरखा के भाई मयंक ने बताया कि मेरी बहन का ऑफिस में ही बीते कुछ समय से एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। संभावना है कि इस वजह से ही उसने आत्महत्या की है। मुझे फोन पर फांसी लगाने की जानकारी मिली, 2 साल से गोगरी में अमीन का जॉब कर रही थी।

मकान मालकिन बोलीं- घर में कोई आता-जाता नहीं था

मकान मालकिन वीणा पंडित ने बताया कि बरखा रानी पिछले 3-4 सालों से मकान में किराए पर रह रही थी। मैं खुद दूसरे मकान में रहती हूं। इस मकान में मेरा बेटे और बहू रहते हैं।

बुधवार सुबह जब बरखा रानी ड्यूटी पर नहीं गईं तो मेरा बेटा उसे जगाने के लिए कमरे के बाहर गया। काफी देर तक आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

इसी दौरान नीचे कपड़े धो रही बहू भी आवाज सुनकर ऊपर पहुंची। दोनों ने कमरे के वेंटिलेटर से अंदर झांककर देखा तो बरखा रानी पंखे से फंदे के सहारे लटकी हुई थी। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

बरखा रानी बेहद शांत और अच्छे स्वभाव की थी। वे उसे परिवार के सदस्य की तरह रखते थे। उसके कमरे पर किसी का आना-जाना नहीं था और उसके संबंध में कभी किसी प्रकार की शिकायत भी नहीं मिली।

पुलिस बोली- छत की कुंडी से फंदा लगाकर सुसाइड किया

फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, खगड़िया भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष अरबिंद कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला सुसाइड का लग रहा है।

महिला अमीन ने दुपट्टे के सहारे छत की कुंडी से फंदा लगाकर आत्महत्या की है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने कमरे की तलाशी ली है और मोबाइल फोन सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सुसाइड से पहले किसी व्यक्ति से फोन पर हुई बातचीत: DSP

खगड़िया के गोगरी DSP चंदन कुमार ठाकुर ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। इस टीम ने शव को फंदे से नीचे उतरा और कुछ सबूत जुटाए। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। बेड से दो मोबाइल फोन मिले हैं, जिनकी जांच में पता चला है कि घटना से पहले उन्होंने किसी व्यक्ति से बातचीत की थी और वीडियो कॉल भी की थी। फिलहाल इसे प्रेम प्रसंग का मामला कहना जल्दबाजी होगा। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।