दिग्गज अभिनेत्री और CINTAA की अध्यक्ष पूनम ढिल्लों की अचानक तबीयत बिड़ गई। उन्हें डेंगू हुआ है जिसके बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानिए कैसी है उनकी सेहत...
डेंगू से तबीयत बिगड़ने के बाद एक्ट्रेस पूनम ढिल्लों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
- Published: 22 Aug 2026, 01:16 PM IST
- Last Updated: 22 Aug 2026, 01:16 PM IST
Poonam Dhillon Hospitalised: बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री और सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) की अध्यक्ष पूनम ढिल्लों की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेत्री को डेंगू हुआ है और पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। हालांकि, अब उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
कई दिनों से अस्पताल में चल रहा इलाज
जर्नलिस्ट विक्की लालवानी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पूनम ढिल्लों की सेहत से जुड़ी जानकारी साझा की। उनके पोस्ट में लिखा है- "पूनम ढिल्लों को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीनियर एक्ट्रेस को डेंगू हुआ है और वह पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में हैं। आज सुबह जब एक पत्रकार ने उन्हें मैसेज किया, तो उन्होंने बताया कि वह ठीक हो रही हैं। उनके पूरी तरह ठीक होने की प्रार्थना है और उम्मीद है कि वह जल्द ही घर लौट आएंगी।"
इसके बाद से ही उनके फैंस और चाहने वाले सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।
हाल ही में CINTAA को लेकर पूनम ढिल्लों पर लगे आरोप
पूनम ढिल्लों की बीमारी की खबर ऐसे समय सामने आई है, जब वह CINTAA में आंतरिक विवाद को लेकर भी चर्चा में थीं। संगठन की जनरल सेक्रेटरी और अभिनेत्री उपासना सिंह ने हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान पूनम ढिल्लों और उपाध्यक्ष पद पर काबिज पद्मिनी कोल्हापुरी पर संगठन में कथित तौर पर अपना मनमाना रवैया अपनाने के आरोप लगाए थे।
उपासना सिंह के मुताबिक, कमेटी के कई सदस्यों ने इस्तीफा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग संगठन में नेतृत्व की बातों से सहमत नहीं होते, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए जाते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि ऐसे नोटिस भेजना संगठन में एक आम प्रक्रिया बन गई है।
पूनम ढिल्लों ने आरोपों पर दिया था जवाब
इन आरोपों पर पूनम ढिल्लों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने विवाद को लेकर किसी तरह की सार्वजनिक बयानबाजी या व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप में शामिल होने से इनकार किया।
अभिनेत्री ने कहा था कि वह इस तरह की बयानबाजी में नहीं पड़ना चाहतीं, क्योंकि यह उन्हें उचित नहीं लगता। उन्होंने आरोपों को लेकर कहा कि इनमें उस व्यक्ति की मानसिकता और निराशा झलकती है, जिसे शायद संगठन में अपेक्षित महत्व नहीं मिला।