इस्लामाबाद (उत्तम हिन्दू न्यूज) : पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में जारी हिंसा और विरोध प्रदर्शनों के बीच जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) ने आंदोलन को पूरे पाकिस्तान तक विस्तार देने का आह्वान किया है। संगठन के कोर कमेटी सदस्य सरदार अरमान कश्मीरी ने पाकिस्तान, कश्मीर घाटी, जम्मू, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और पुंछ के लोगों से इस आंदोलन का समर्थन करने और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने की अपील की है।
सरदार अरमान कश्मीरी ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक एजेंडे के लिए नहीं, बल्कि आम लोगों के बुनियादी अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, न्याय और बुनियादी ढांचा प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। उनका आरोप है कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में लोगों की आवाज दबाने के लिए लगातार बल प्रयोग किया जा रहा है।
इसी बीच JAAC के एक अन्य कोर कमेटी सदस्य सरदार उमर नजीर कश्मीरी ने दावा किया कि पिछले तीन दिनों में कम से कम 40 लोगों की मौत हुई है, जबकि बीते 52-53 दिनों में मृतकों की संख्या लगभग 100 तक पहुंच चुकी है। उनका आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने गोलीबारी की, जिसमें सैकड़ों लोग घायल हुए हैं।
JAAC ने यह भी आरोप लगाया कि पूरे क्षेत्र में संचार सेवाओं पर पाबंदियां लगा दी गई हैं। इंटरनेट और मोबाइल सेवाएं बाधित होने के कारण हालात की स्वतंत्र पुष्टि करना मुश्किल हो गया है। संगठन का कहना है कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और कई इलाकों में लोगों को अपनी बात रखने तक की अनुमति नहीं दी जा रही।
सरदार उमर नजीर कश्मीरी ने बताया कि इस्लामाबाद के डी-चौक पर जारी धरना अभी समाप्त नहीं हुआ है। उनके अनुसार, लॉन्ग मार्च को केवल अस्थायी रूप से रोका गया है ताकि मृतकों का अंतिम संस्कार किया जा सके और घायलों का उपचार कराया जा सके। उन्होंने कहा कि इसके बाद आंदोलन पहले से अधिक व्यापक स्तर पर दोबारा शुरू किया जाएगा।
हालांकि, JAAC द्वारा जारी मृतकों और घायलों के आंकड़ों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पाकिस्तान सरकार की ओर से भी इन दावों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
You Might Be Interested In
- बांकीपुर उपचुनाव : भाजपा और जन सुराज कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, 3 बूथों पर बिगड़े हालात; पुलिस ने संभाला मोर्चा
- रूस का कीव पर भीषण मिसाइल हमला, कई इलाकों में तबाही; जेलेंस्की की चेतावनी के कुछ घंटे बाद बरसे मिसाइल
- मैं हर जिम्मेदारी लूंगा, डरने की जरूरत नहीं… छात्रों पर हिंसा के आरोप के बीच जवानों से बोले CRPF चीफ
- अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया रिटायरमेंट, सोशल मीडिया पर पोस्ट कर किया ऐलान
- 3 राज्यों की 3 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी, बांकीपुर-दतिया और मांजलपुर में डाले जा रहे वोट; नतीजे 3 को
- न्यूयॉर्क टाइम्स की हेडलाइन पर भारत ने जताई आपत्ति, कहा- Pakistani Kashmir नहीं, PoK कहिए