July 16, 2026

PMFME योजना का सीहोर कलेक्टर ने लिया जायजा, किसानों को आधुनिक खेती और प्रोसेसिंग यूनिट अपनाने की सलाह

PMFME योजना का सीहोर कलेक्टर ने लिया जायजा, किसानों को आधुनिक खेती और प्रोसेसिंग यूनिट अपनाने की सलाह

16 जुलाई 2026, सीहोर: PMFME योजना का सीहोर कलेक्टर ने लिया जायजा, किसानों को आधुनिक खेती और प्रोसेसिंग यूनिट अपनाने की सलाह – मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के कलेक्टर बालागुरु के. ने ग्राम खामलिया, चैनपुरा और बिलकिसगंज में उद्यानिकी विभाग की प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत संचालित विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण किया और किसानों एवं हितग्राहियों से चर्चा कर विस्तार से जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम खामलिया में किसान मिठूलाल मेवाड़ा के द्वारा पॉली लाइनिंग फार्म पॉण्ड और शेडनेट हाउस में की जा रही खीरा की खेती तथा बैंगन की फसल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही किसान द्वारा प्याज भंडार गृह में सुरक्षित भंडारित प्याज का भी अवलोकन किया। उन्होंने किसान द्वारा की गई वैज्ञानिक भंडारण व्यवस्था की सराहना करते हुए किसानों को फसल कटाई उपरांत प्रबंधन एवं भंडारण तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संरक्षित खेती एवं जल संरक्षण के इन नवाचारों की सराहना करते हुए किसानों को आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

गुलाब के फूलों की खेती को कलेक्टर ने सराहा

कलेक्टर ने ग्राम चैनपुरा में किसान श्याम सुंदर वर्मा के पॉलीहाउस का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने पॉलीहाउस के अंदर उच्च गुणवत्ता वाले गुलाब के फूलों की खेती का अवलोकन किया तथा संरक्षित खेती के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के प्रयासों की प्रशंसा की। कलेक्टर ने उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से उपलब्ध कराया जाए तथा कृषि एवं उद्यानिकी आधारित उद्यमों को प्रोत्साहित किया जाए।

इसके साथ ही उद्यानिकी योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार प्रसार किया जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा किसान इन योजनाओं का लाभ लेकर अपनी आमदनी बढ़ा सकें। उन्होने कहा कि फील्ड अमला किसानों को मत्स्य एवं उद्यानिकी की खेती के लिए प्रेरित करें और उन्हें सहयोग करें। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हितग्राही छोटे-छोटे उद्योग या प्रसंस्करण इकाई लगाकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकते हैं और इससे अतिरिक्ति रोजगार के अवसर भी सृजित कर सकते हैं।

कलेक्टर ने ग्राम बिलकिसगंज में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत लाभान्वित इकाई “सोमेश नमकीन” का भी निरीक्षण किया। उन्होंने उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता, पैकेजिंग एवं विपणन व्यवस्था का अवलोकन किया तथा उद्यमी से चर्चा कर व्यवसाय के विस्तार एवं स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उद्यानिकी विभाग के सहायक संचालक श्री जगदीश सिंह मुझाल्दा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture