August 5, 2026

गोलीबारी कर भाग रहे हमलावरों को ग्रामीणों ने पकड़कर पीटा: PMCH में एक की मौत और दूसरा घायल, तीसरा आरोपी फरार; जमीन विवाद में किया था हमला - phulwari sharif News

पटना में मंगलवार रात जमीन विवाद को लेकर गोलीबारी हुई। इस दौरान ग्रामीणों ने दो हमलावरों को पकड़कर उनकी जमकर पिटाई कर दी।

.

गंभीर रूप से घायल एक आरोपी को इलाज के लिए PMCH लाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा आरोपी अस्पताल में भर्ती है। पुलिस फरार तीसरे आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

यह घटना गौरीचक थाना क्षेत्र के लक्ष्मीचक गांव की बताई जा रही है।

घटनास्थल की कुछ तस्वीर…

पुलिस और FSL घटनास्थल पर पड़ताल करते हुए।

पुलिस और FSL घटनास्थल पर पड़ताल करते हुए।

ग्रामीणों की पिटाई में एक हमलावर गंभीर रूप से घाययल हो गया, जिसकी PMCH में इलाज के दौरान मौत हो गई।

ग्रामीणों की पिटाई में एक हमलावर गंभीर रूप से घाययल हो गया, जिसकी PMCH में इलाज के दौरान मौत हो गई।

घटनास्थल से पुलिस ने एक बाइक बरामद किया है।

घटनास्थल से पुलिस ने एक बाइक बरामद किया है।

भाग रहे दो हमलावरों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया

पुलिस के मुताबिक, अपराधियों ने लक्ष्मीचक निवासी सुरेश सिंह उर्फ मास्टर को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग की। हालांकि, सुरेश सिंह इस हमले में बाल-बाल बच गए।

गोलीबारी के बाद तीनों आरोपी भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा कर दो आरोपियों को दबोच लिया और उनकी पिटाई कर दी।

सूचना मिलते ही गौरीचक और परसा बाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को भीड़ से निकालकर अस्पताल भेजा।

एक की मौत, दूसरे का इलाज जारी

पकड़े गए आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय विवेक कुमार और 28 वर्षीय सूरज कुमार के रूप में हुई। दोनों को PMCH में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सूरज कुमार की मौत हो गई। वहीं, दूसरे आरोपी विवेक कुमार का इलाज जारी है।

तीसरा आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश

पटना सिटी सदर-2 के एसडीपीओ रंजन कुमार ने बताया, 'सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि हमलावर परसा बाजार थाना क्षेत्र के धमौल गांव की ओर भागे हैं।

पुलिस वहां पहुंची तो ग्रामीणों ने दो आरोपियों को पकड़ रखा था, जबकि तीसरा आरोपी फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।'

घटनास्थल से कारतूस, चोरी की बाइक बरामद

पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी में दो जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक बाइक बरामद की है। जांच में सामने आया कि बरामद बाइक फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

जमीन विवाद की आशंका, इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। वारदात के बाद लक्ष्मीचक और आसपास के इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।