July 12, 2026

मंत्री बोले-'PM मोदी-CM सम्राट के कार्यों पर जनता देगी वोट': बांकीपुर उपचुनाव में NDA प्रत्याशी की जीत का दावा - Sheikhpura News

शेखपुरा में दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार की जीत का दावा किया है। रविवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने यह बात कही।

.

मंत्री प्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा किए जा रहे कार्यों को लेकर जनता एनडीए प्रत्याशी की जीत पर मुहर लगाएगी। उन्होंने एनडीए सरकार के 20 वर्षों के शासनकाल के लाभ का भी जिक्र किया।

प्रत्याशी बदले जाने के सवाल पर मंत्री ने सीधा जवाब देने से बचते हुए इसे भाजपा का अंदरूनी मामला बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और इसमें कहीं कोई मतभेद नहीं है। सभी घटक दल प्रत्याशी को जिताने में लगे हुए हैं।

पत्रकारों के एक अन्य प्रश्न के जवाब में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के नेतृत्व की सराहना की। मंत्री ने कहा कि सरकार का कामकाज नीतियों के आधार पर चलता है और निशांत कुमार युवा होने के नाते बेहतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने निशांत कुमार को शुभकामनाएं भी दीं।

मंत्री ने बताया कि वर्तमान में एनडीए सरकार 'सात निश्चय पार्ट-3' के तहत बेहतर तरीके से कार्य कर रही है। उन्होंने अपनी दो दिवसीय यात्रा की शुरुआत शनिवार को अरियरी प्रखंड क्षेत्र से की थी, जहां राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कार्यकर्ताओं सहित एनडीए के सभी घटक दलों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने जनता से विकास की योजनाओं का समुचित लाभ लेने के लिए सभी योजनाओं पर कड़ी नजर रखने की सलाह दी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों से भी अपने उत्तरदायित्वों का सही निर्वहन करने का आग्रह किया।

ताकि सरकार की सभी योजनाएं धरातल पर उतरें और जनता तक पहुंचें। मंत्री ने कहा कि इन तीनों (जनता, जनप्रतिनिधि, अधिकारी) के सामूहिक प्रयास से ही विकास की रोशनी अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचेगी।

लोगों का जीवन आसान होगा। लोगों की आर्थिक स्थिति सुधरेगी। सामाजिक ताना-बाना भी बेहतर होगा। उन्होंने अपने दो दिवसीय दौरे के क्रम में क्षेत्र का भ्रमण करते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं का अवलोकन भी किया।

अरियरी प्रखंड के चांदी, घुसकुरी, सनैया आदि में चलाए जा रहे सरकारी योजनाओं में कई खामियों को देखते हुए उसे पर नाराजगी प्रकट करते हुए उसमें अधिकारियों को सुधार लाने का निर्देश दिया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने स्वीकार किया कि योजनाओं के सही-सही धरातल पर उतारने में कई खामियां विद्यमान है।

जिसे जनता के निगरानी से ही दूर किया जा सकता है। पेयजल की समस्या को लेकर उन्होंने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के अभियंताओं से बातचीत कर उसमें जल्द से जल्द सुधार लाने का निर्देश दिया। बताया कि उन्होंने ही संबंध में जिला प्रशासन के साथ भी बातचीत की है।

अपने विभाग के कार्यों का वर्णन करते हुए उन्होंने पंचायती राज विभाग के खाली पदों को भरने के संबंध में जानकारी दी। बताया कि इस संबंध में खाली पदों का ब्यौरा इकट्ठा कर बिहार लोक सेवा आयोग को उसे विज्ञप्ति निकाल कर प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित कर भरने के संबंध में अभियाचना भेजी जा रही है।