August 24, 2026

रूसी राष्ट्रपति पुतिन का भारत के लिए बड़ा एलान, परमाणु ऊर्जा और खाद पर लिया ये फैसला, PM मोदी से मुलाकात की बताई तारीख

President Putin: भारत के विदेश मंत्री जयशंकर इन दिनों रूस यात्रा पर हैं. सोमवार को जयशंकर ने रूसी के राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात की. इस दौरान राष्ट्रपति पुतिन ने भारत के लिए बड़ा एलान किया. पुतिन ने परमाणु ऊर्जा और भारतीय किसानों के हित में फैसला लिया.

रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि दोनों देशों के अधिकारियों के बीच कई अहम मुद्दों पर लगातार बातचीत हो रही है. इनमें ऊर्जा, उर्वरक, परमाणु ऊर्जा और हाईटेक सेक्टर में सहयोग शामिल हैं. पुतिन ने कहा कि रूस भारतीय किसानों की जरूरत को देखते हुए उर्वरक की सप्लाई बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है. उन्होंने भरोसा दिया कि आगे भी इस सप्लाई को बढ़ाने की कोशिश जारी रहेगी. भारत-रूस के बीच परमाणु ऊर्जा और हाईटेक क्षेत्रों में भी सहयोग तेजी से आगे बढ़ रहा है.

बता दें कि भारत अगले महीने राष्ट्रीय राजधानी में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने जा रहा है, जिसमें समूह के 11 सदस्य देशों के नेता एक साथ आएंगे. ब्रिक्स में ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात सहित दुनिया के ग्यारह प्रमुख उभरते बाजार और विकासशील देश शामिल हैं.

— ANI (@ANI) August 24, 2026

मजबूत संबंधों का पीएम मोदी दिया श्रेय

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत और रूस के बीच मजबूत होते संबंधों की तारीफ की है. मॉस्को में उन्होंने कहा कि भारत और रूस कई दशकों से अलग-अलग क्षेत्रों में मिलकर काम कर रहे हैं। इसमें सरकारी और संसदीय संबंधों के साथ-साथ आर्थिक सहयोग भी शामिल है. 

यह भी पढ़ें: Explainer: कुरिल द्वीपों पर रूस-जापान में क्यों है विवाद? पुतिन के दौरे से फिर गरमाया 80 साल पुराना मुद्दा

पुतिन ने कहा कि इस साल दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ा है. पिछले साल व्यापार में थोड़ी गिरावट आई थी, लेकिन अब इसमें फिर तेजी देखने को मिल रही है. उन्होंने इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत-रूस संबंधों को मजबूत करने के व्यक्तिगत प्रयासों को भी दिया.

पीएम मोदी से मिलने की बताई तारीख

पुतिन ने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी को अपनी शुभकामनाएं भेजना चाहते हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के तहत तय कार्यक्रम के अनुसार जल्द ही उनकी पीएम मोदी से मुलाकात हो सकती है. उन्होंने यह भी कहा कि इस साल दोनों नेता दोबारा मिल सकते हैं. 

उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव के साथ हुई बैठक

नई दिल्ली में होने वाले आगामी शिखर सम्मेलन में सदस्य देश साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे. साथ ही, अलग-अलग क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने पर भी बातचीत होने की उम्मीद है. इस बीच, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने विदेश मंत्री एस जयशंकर का स्वागत किया. इससे पहले जयशंकर ने रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव के साथ भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग की बैठक की. इस बैठक में व्यापार, अर्थव्यवस्था, विज्ञान, तकनीक और संस्कृति से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई. जयशंकर का स्वागत करते हुए पुतिन ने कहा कि उनकी यात्रा भारत और रूस के बीच कई दशकों से चले आ रहे मजबूत संबंधों को दिखाती है.

यह भी पढ़ें: Middle East Tension: ईरान से युद्ध के बीच डोनाल्ड ट्रंप बोले- पुतिन से पूछूंगा, जानें अमेरिकी राष्ट्रपति ने ऐसा क्यों कहा? 

क्यों रूस गए जयशंकर?

विदेश मंत्री एस जयशंकर रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव के निमंत्रण पर 23-24 अगस्त को दो दिवसीय रूस दौरे पर हैं. दौरे के दौरान जयशंकर ने मंटुरोव के साथ भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग (IRIGC-TEC) की 27वीं बैठक की सह-अध्यक्षता की. इसमें व्यापार, अर्थव्यवस्था, विज्ञान, तकनीक और सांस्कृतिक सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई. भारत और रूस के बीच सैन्य, परमाणु और अंतरिक्ष क्षेत्र के अलावा कई अन्य क्षेत्रों में भी सहयोग लगातार बढ़ रहा है. विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दोनों देशों के संबंध लंबे समय से मजबूत और स्थिर बने हुए हैं.