August 4, 2026

PG के छात्रों को UGC देगा दो साल तक हर वर्ष 1.5 लाख रुपये की स्कॉलरशिप, जानें कौन कर सकेगा आवेदन

पोस्ट ग्रेजुएट में पढ़ाई कर रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर है. विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने नेशनल स्कॉलरशिप फॉर पोस्ट ग्रेजुएट स्टडीज (एनएसपीजी) योजना के तहत आर्थिक सहायता देने की तैयारी शुरू कर दी है. इस योजना के तहत एलिजिबल छात्रों को दो वर्षों तक हर साल 1.5 लाख रुपये की स्कॉलरशिप मिलेगी. आवेदन प्रक्रिया जल्द ही राष्ट्रीय स्कॉलरशिप पोर्टल (एनएसपी) पर शुरू होगी. यूजीसी ने छात्रों और उच्च शिक्षण संस्थानों से समय रहते जरूरी दस्तावेज तैयार रखने और आवेदन प्रक्रिया में किसी भी तरह की गलती से बचने की अपील की है.

आवेदन प्रक्रिया राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (एनएसपी) पर शुरू होगी, जिसकी तारीख बाद में घोषित की जाएगी. इस योजना का लाभ केवल उन्हीं छात्रों को मिलेगा जिन्होंने किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या कॉलेज में फुलटाइम पीजी कोर्स के फर्स्ट ईयर में एडमिशन लिया है. इसके अलावा आवेदन करने वाले छात्र की आयु 30 वर्ष से कम होनी चाहिए. यूजीसी ने सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों को निर्देश दिया है कि उनके नोडल अधिकारी आवेदन मिलने के 15 दिनों के भीतर उनका वेरिफिकेशन कर स्वीकृत या अस्वीकृत करें. इससे छात्रों को पोर्टल बंद होने से पहले आवेदन में किसी भी गलती को सुधारने का पर्याप्त समय मिल सकेगा.

ईशान उदय स्कॉलरशिप के आवेदन भी जल्द होंगे शुरू

यूजीसी ने छात्रों को सलाह दी है कि वो आधिकारिक पोर्टल scholarships.gov.in पर नियमित रूप से नजर रखें. आवेदन से पहले आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, बैंक खाते की जानकारी और अन्य जरूरी दस्तावेज तैयार रखें, क्योंकि अधूरे या गलत आवेदन अस्वीकार किए जा सकते हैं.

इसके साथ ही यूजीसी ने बताया कि पूर्वोत्तर राज्यों के विद्यार्थियों के लिए ईशान उदय स्पेशल स्कॉलरशिप योजना के आवेदन भी जल्द शुरू होंगे. इस योजना के तहत एलिजिबल छात्रों को उनके कोर्स के अनुसार हर साल 10 हजार रुपये से 80 हजार रुपये तक की सहायता मिलेगी. यह स्कॉलरशिप तीन से पांच वर्षों तक दी जाएगी. इसके लिए छात्र का पूर्वोत्तर क्षेत्र से 12वीं पास होना, नियमित यूजी कोर्स के पहले वर्ष में एडमिशन लेना और परिवार की वार्षिक आय 4.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होना आवश्यक है.

सपना यादव

सपना यादव

दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्‍टेंट प्रड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्‍यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्‍होंने पत्रकारिता को लक्ष्‍य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्‍यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्‍होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्‍टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.

Read More

google button