August 12, 2026

Parliament Monsoon Session Live: हंगामे के बीच दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित

11:25 AM, 12-Aug-2026

राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित

विपक्ष के विरोध और हंगामे के चलते राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई।

11:20 AM, 12-Aug-2026

संसद परिसर में एनडीए और विपक्षी सांसदों ने किया प्रदर्शन

झारखंड से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों ने बुधवार को रांची में छात्र प्रदर्शनकारियों पर हाल ही में हुए लाठीचार्ज के खिलाफ संसद में प्रदर्शन किया। इसी दौरान उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला।

भाजपा सांसदों ने राहुल गांधी पर 'दोहरा रवैया' अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी दिल्ली में छात्र प्रदर्शनों का समर्थन करते हैं। लेकिन झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो)-कांग्रेस गठबंधन सरकार की ओर से छात्रों के साथ किए गए 'बर्बर' व्यवहार पर चुप हैं।

इसके जवाब में विपक्षी सांसदों ने भी प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। विपक्षी सांसदों ने 'अमित शाह जवाब दो' के नारे लगाए। विपक्ष का निशाना केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रहे। उन्होंने दिल्ली और दूसरे राज्यों में छात्रों के खिलाफ पुलिस की ओर से कथित तौर पर जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग का मुद्दा उठाया।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला। उन्होंने देशभर में छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ लाठी और पैलेट गन समेत कथित तौर पर अत्यधिक बल प्रयोग किए जाने को लेकर सरकार से जवाब मांगा।

मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि जब युवा अपने भविष्य के लिए आवाज उठाते हैं, तो उनके साथ किए गए व्यवहार के लिए जिम्मेदार कौन है। प्रियंका गांधी ने कहा, आपको क्या लगता है, इसके लिए कौन जिम्मेदार है? जब हजारों छात्र एक साथ आते हैं और उनकी एक मांग होती है, तो उन पर लाठियां बरसाई जाती हैं। उन पर पैलेट गन चलाई जाती हैं और बिहार में उनके खिलाफ एके-47 का इस्तेमाल किया जाता है।

विज्ञापन

11:05 AM, 12-Aug-2026

लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन में शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने सांसदों से आग्रह किया कि वे हंगामा या किसी तरह की बाधा न डालें और सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलने दें। हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। 

11:02 AM, 12-Aug-2026

लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू

विपक्ष के हंगामे और नारेबाजी के बीच लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं। जैसे हर क्षेत्र में अलग-अलग राय होती है, वैसे ही राजनीति में भी होती है। लेकिन देश चाहता है कि संसद की कार्यवाही चले।

उन्होंने कहा कि उन्होंने अलग-अलग दलों के वरिष्ठ नेताओं के साथ कई बैठकें की हैं। आज अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस है। देशभर के युवा चाहते हैं कि उनके मुद्दों पर संसद में चर्चा हो। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है। गृह मंत्री भी चर्चा में शामिल होने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अलग-अलग मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों से सहमति बनाने और संसद की कार्यवाही चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा, मैं आपसे देश की जनता की इच्छा को समझने का अनुरोध करता हूं। इस तरह के नारे लगाकर सदन की गरिमा को कमजोर करना उचित नहीं है।

10:59 AM, 12-Aug-2026

केरल नाम परिवर्तन विधेयक आज राज्यसभा में पेश होगा

केरल (नाम परिवर्तन) विधेयक, 2026 आज राज्यसभा में पेश किया जाएगा। लोकसभा ने मंगलवार को बिना बहस के केरल का नाम बदलकर 'केरलम' करने वाला विधेयक पारित कर दिया था। इस दौरान सरकार ने राज्य के कांग्रेस सांसदों पर निशाना साधा। सरकार ने कहा कि वे इस मुद्दे पर चर्चा में शामिल नहीं हुए।

केरल विधानसभा ने 2024 में एक प्रस्ताव पारित किया था। इसमें केंद्र सरकार से राज्य का नाम बदलकर 'केरलम' करने के लिए कानून बनाने की मांग की गई थी। इसके बाद राष्ट्रपति ने इस विधेयक पर राज्य विधानसभा की राय जानने के लिए इसे वहां भेजा। बाद में राज्य विधानसभा ने विधेयक के समर्थन में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर दिया। विधेयक पारित होने के बाद संविधान की पहली अनुसूची में बदलाव किया जाएगा। संविधान के अनुच्छेद 3 के तहत राज्य का नाम 'केरल' से बदलकर 'केरलम' किया जाएगा।

10:49 AM, 12-Aug-2026

लोकसभा में पेश होगा खनिज और खनन (विकास एवं नियमन) संशोधन विधेयक

आज खनिज और खनन (विकास एवं नियमन) संशोधन विधेयक, 2026 लोकसभा में पेश किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी खनिज और खनन (विकास एवं नियमन) संशोधन विधेयक, 2026 लोकसभा में पेश करेंगे। इस विधेयक के जरिये खनिज और खनन (विकास एवं नियमन) अधिनियम, 1957 में संशोधन किया जाएगा।

विज्ञापन

विज्ञापन

10:42 AM, 12-Aug-2026

Parliament Monsoon Session Live: हंगामे के बीच दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित

संसद के मानसून सत्र 2026 की कार्यवाही के दौरान दिल्ली हाईकोर्ट के पूर्व जज जस्टिस यशवंत वर्मा पर लगे आरोपों की जांच करने वाली समिति की रिपोर्ट आज संसद के दोनों सदनों में पेश की जाएगी।

जस्टिस वर्मा के सरकारी आवास से कथित तौर पर बेहिसाब नकदी मिलने के बाद उन्हें पद से हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। तीन सदस्यों वाली जांच समिति ने पूर्व जज पर लगाए गए आरोपों की जांच की थी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 15 अगस्त 2025 को न्यायाधीश (जांच) अधिनियम, 1968 के तहत इस समिति का गठन किया था। इससे पहले 146 सांसदों ने जस्टिस वर्मा को पद से हटाने की मांग को लेकर प्रस्ताव का नोटिस दिया था।