इंग्लैंड दौरे पर खराब प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान के स्टार क्रिकेटर मोहम्मद रिजवान और इमाम-उल-हक की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान की नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी दोनों खिलाड़ियों के बैंक ट्रांजैक्शन, मोबाइल फोन और संपर्कों की जांच कर रही है।
रिजवान-इमाम की मुश्किलें बढ़ीं!
- Published: 11 Sep 2026, 07:31 PM IST
- Last Updated: 11 Sep 2026, 07:31 PM IST
Pakistan Cricket News: मोहम्मद रिजवान और इमाम-उल-हक को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट में नया विवाद खड़ा हो गया है। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले दो मुकाबले गंवाने के बाद दोनों खिलाड़ियों को पाकिस्तान वापस भेजा गया था। अब एक रिपोर्ट के मुताबिक, नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NCCIA) उनके वित्तीय लेनदेन और ड्रेसिंग रूम से जानकारी लीक होने के कथित मामले की जांच कर रही है।
Geo News की रिपोर्ट के अनुसार, NCCIA ने दोनों खिलाड़ियों के बैंक खातों और ट्रांजैक्शन की जांच शुरू की है। जांच में इंग्लैंड सीरीज से पहले और बाद की वित्तीय गतिविधियों को देखा जा रहा है। अगर किसी लेनदेन पर संदेह होता है तो उसके पैसे के स्रोत और रकम कहां ट्रांसफर हुई, इसकी पड़ताल की जा सकती है। कंपनियों, लोगों या संगठनों से कथित तौर पर मिले भुगतान भी जांच के दायरे में बताए जा रहे हैं। जांच सिर्फ बैंक खातों तक सीमित नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों खिलाड़ियों के मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच भी की जा रही है। अधिकारियों की नजर मैसेज, कॉन्टैक्ट्स और दूसरे डिजिटल डेटा पर है।
ड्रेसिंग रूम से जानकारी लीक होने के आरोप भी इस जांच का हिस्सा हैं। रिपोर्ट के अनुसार, रिजवान और इमाम गुरुवार को लाहौर स्थित NCCIA के जोहर टाउन कार्यालय पहुंचे। उनसे कथित लीक, उनके संपर्कों और इंग्लैंड दौरे के दौरान ट्रेनिंग सेशन व मैचों के आसपास की गतिविधियों को लेकर सवाल किए गए। दोनों खिलाड़ियों ने अपने जवाब देने के लिए अतिरिक्त समय मांगा है। हालांकि, सबसे अहम बात यह है कि NCCIA ने इन आरोपों की सार्वजनिक तौर पर पुष्टि नहीं की है और न ही दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ किसी गलत काम का निष्कर्ष जारी किया है।
इस बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने भी चयन समिति के एक सदस्य से लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। मामला 2026 के वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरों के लिए टेस्ट टीम में रिजवान और इमाम के चयन से जुड़ा बताया जा रहा है। फिटनेस को लेकर भी दोनों खिलाड़ी मुश्किल में हैं। अनिवार्य फिटनेस टेस्ट पूरा नहीं करने के कारण वे President’s Trophy Grade-I में नहीं खेल पाएंगे। रिजवान SNGPL और इमाम OGDCL से जुड़े हैं।
इंग्लैंड सीरीज में रिजवान का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा। उन्होंने चार पारियों में सिर्फ 61 रन बनाए। वहीं इमाम लॉर्ड्स टेस्ट में पिंडली की चोट के कारण नहीं खेले। उनकी चोट को लेकर भी सवाल उठे, क्योंकि चौथे दिन से पहले उन्हें अभ्यास करते देखा गया था, लेकिन मैच शुरू होने पर वह बल्लेबाजी के लिए मैदान में नहीं उतरे।