भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें आज यानी शनिवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में आमने-सामने होंगी. महिला एशिया कप 2026 का यह हाईवोल्टेज मुकाबला रात 8 बजे से खेला जाएगा. एक तरफ हरमनप्रीत कौर की टीम है, जो शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुकी है, तो दूसरी तरफ पाकिस्तान की टीम के सामने भारत की चुनौती है.
भारत और पाकिस्तान की टीमें जब भी क्रिकेट मैदान पर आमने-सामने होती हैं, मुकाबला अपने आप हाईवोल्टेज हो जाता है. लेकिन महिला एशिया कप के इस मुकाबले में आंकड़े साफ तौर पर भारत के पक्ष में हैं. T20 एशिया कप में दोनों टीमें अब तक 7 बार भिड़ी हैं और पाकिस्तान सिर्फ एक बार भारत को हरा पाया है. वह जीत 2022 में सिलहट में आई थी.
— Sony Sports Network (@SonySportsNetwk) September 5, 2026
इस बार भी हरमनप्रीत कौर की टीम मजबूत दावेदार है. भारत थाईलैंड और हॉन्ग कॉन्ग को बड़े अंतर से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुका है. हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ तो भारत ने 193 रन बनाए और 137 रनों से शानदार जीत दर्ज की. स्मृति मंधाना ने 124 रन की तूफानी पारी खेलकर एक साथ कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए.
लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला सिर्फ रिकॉर्ड के भरोसे नहीं जीता जा सकता. दुबई में भारत के सामने तीन ऐसी चुनौतियां हैं, जो मैच का रुख बदल सकती हैं.
सम्बंधित ख़बरें
1. टॉस का पेच
एशिया कप के शुरुआती मैचों में कप्तानों ने टॉस जीतकर ज्यादातर मौकों पर पहले गेंदबाजी चुनी है. 6 में से 7 मुकाबलों में टीमों ने लक्ष्य का पीछा करना पसंद किया. हालांकि दुबई की पिच को लेकर तस्वीर इतनी सीधी नहीं है.
शुरुआत में बल्लेबाजी के लिए अच्छी दिखने वाली पिच मैच आगे बढ़ने के साथ धीमी हो सकती है और यहां स्पिनरों को काफी मदद मिल रही है. मौजूदा टूर्नामेंट में स्पिनरों ने तेज गेंदबाजों के मुकाबले ज्यादा विकेट लिए हैं. ऐसे में टॉस जीतने के बाद हरमनप्रीत के सामने फैसला आसान नहीं होगा.
यानी पाकिस्तान से पहले सवाल दुबई की पिच का होगा- पहले बल्लेबाजी या गेंदबाजी?
2. स्पिन का जाल
इस एशिया कप में स्पिन गेंदबाजों का दबदबा साफ दिखा है. स्पिनरों ने अब तक 71 विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनमी करीब 5.1 रही है, जबकि तेज गेंदबाज 31 विकेट ही ले सकी हैं और उनकी इकॉनमी 6.18 रही है.
भारत के पास इस चुनौती का जवाब भी है. दीप्ति शर्मा और राधा यादव जैसी स्पिन गेंदबाजों की मौजूदगी भारत को बीच के ओवरों में पाकिस्तान पर दबाव बनाने का मौका देती है. दीप्ति ने शुरुआती दो मुकाबलों में छह विकेट लेकर अपनी उपयोगिता भी साबित की है.
लेकिन यही कहानी पाकिस्तान भी दोहरा सकता है. इसलिए अगर पिच धीमी हुई तो भारत के आक्रामक बल्लेबाजों के लिए बीच के ओवर आसान नहीं होंगे.
3. दुबई की ‘भट्टी’ जैसी गर्मी
दुबई में शाम का मैच होने के बावजूद गर्मी और उमस खिलाड़ियों की परीक्षा लेगी. मुकाबले के दौरान तापमान करीब 36-37 डिग्री रहने का अनुमान है और उमस के कारण गर्मी और ज्यादा महसूस हो सकती है. बारिश की संभावना नहीं है.
यानी खिलाड़ियों को सिर्फ पाकिस्तान की गेंदबाजी का सामना नहीं करना है, बल्कि दुबई की गर्म और उमस भरी परिस्थितियों से भी जूझना होगा. स्मृति मंधाना पहले ही यहां की परिस्थितियों को ‘स्टीम बॉक्स’ जैसा बता चुकी हैं.
भारत के पास पाकिस्तान को चित करने के कई हथियार
इन तीन चुनौतियों के बावजूद भारत का पलड़ा भारी है. टीम शानदार फॉर्म में है और शीर्ष क्रम में स्मृति मंधाना तथा शेफाली वर्मा की आक्रामक शुरुआत पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ी परेशानी बन सकती है.
मंधाना तो हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ 124 रनों की पारी के बाद जबरदस्त आत्मविश्वास में हैं. वह अब महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज भी बन चुकी हैं.
वहीं हरमनप्रीत के लिए यह मुकाबला खास होगा. वह कप्तान के रूप में अपना 150वां T20I मैच खेलेंगी- पुरुष या महिला क्रिकेट में किसी कप्तान के लिए यह रिकॉर्ड संख्या है.
रिकॉर्ड भारत के साथ, लेकिन दुबई की परीक्षा बाकी
कागज पर भारत स्पष्ट रूप से मजबूत है. T20 एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ 7 में 6 जीत इसका सबसे बड़ा सबूत है. पाकिस्तान की बल्लेबाजी भी अब तक अस्थिर नजर आई है, जबकि भारत ने अपने दोनों मैचों में 90 से ज्यादा रन की जीत दर्ज की है.
.... लेकिन शनिवार को कहानी सिर्फ भारत बनाम पाकिस्तान नहीं होगी. एक तरफ भारत का दबदबा होगा और दूसरी तरफ दुबई के तीन दुश्मन- टॉस, स्पिन और गर्मी. अगर हरमनप्रीत की टीम इन तीनों को मात दे गई, तो पाकिस्तान के खिलाफ भारत का दबदबा और मजबूत होना तय है.
---- समाप्त ----