August 30, 2026

संभल में अवैध कब्जे पर बड़ा एक्शन, PAC की जमीन पर बनी मजार पर चला बुलडोजर… 407 बीघा जमीन कब्जामुक्त

संभल में अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. हयातनगर क्षेत्र के दतावली गांव में पीएसी बटालियन के लिए खरीदी गई जमीन पर बने मजार को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया. जमीन के दूसरे हिस्से में हो रही खेती को भी ट्रैक्टर चलाकर हटाया गया.

X

बुलडोजर कार्रवाई के दौरान मौजूद थी प्रशासन की टीम. (Photo: Screengrabs)

बुलडोजर कार्रवाई के दौरान मौजूद थी प्रशासन की टीम. (Photo: Screengrabs)

उत्तर प्रदेश के संभल में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई जारी है. इसी क्रम में हयातनगर थाना क्षेत्र के दतावली गांव में पीएसी बटालियन के लिए खरीदी गई जमीन पर किए गए कथित अवैध कब्जे को प्रशासन ने हटवा दिया. जमीन के एक हिस्से में बने मजार को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त किया गया, जबकि दूसरे हिस्से में हो रही खेती को भी ट्रैक्टर चलाकर हटाया गया. कार्रवाई के बाद 407 बीघा जमीन पर पीएसी अधिकारियों को कब्जा दिलाया गया है.

2019 में लिया गया था पीएसी बटालियन स्थापित करने का फैसला
संभल पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संवेदनशील जिलों में शामिल है. जिले में पहले भी सांप्रदायिक हिंसा की घटनाएं सामने आती रही हैं. इसी को देखते हुए कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए योगी सरकार ने वर्ष 2019 में संभल में नई पीएसी वाहिनी स्थापित करने का फैसला लिया था. बाद में मुरादाबाद की 24वीं वाहिनी पीएसी को संभल स्थानांतरित किया गया. इसके बाद संभल में पीएसी बटालियन की स्थापना के लिए जमीन खरीदी गई.

पीएसी की जमीन पर बनी मजार, जिसे प्रशासन ने तोड़ दिया. (Photo: iTG)

24 नवंबर 2024 को संभल में हुई हिंसा के बाद जिले में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की प्रक्रिया और तेज कर दी गई. इसी दौरान अधिकारियों को दतावली गांव में प्रस्तावित पीएसी बटालियन की जमीन पर कथित अवैध कब्जे की जानकारी मिली.

सम्बंधित ख़बरें

पीपल के पेड़ की जगह बनाया गया था मजार 
शनिवार को मुरादाबाद से पीएसी अधिकारियों की टीम तहसीलदार संभल धीरेंद्र कुमार सिंह और राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची. जांच के दौरान प्रस्तावित पीएसी बटालियन की जमीन के एक हिस्से में मजार बना मिला. अधिकारियों के मुताबिक करीब 15 बीघा जमीन के हिस्से में मौजूद एक पुराने पीपल के पेड़ के स्थान पर यह निर्माण किया गया था. वहीं जमीन के दूसरे हिस्से में खेती की जा रही थी.

इसके बाद प्रशासन ने मौके पर बुलडोजर मंगवाया. टीम ने मजार को ध्वस्त कर दिया. साथ ही पीएसी की जमीन पर की जा रही खेती को भी ट्रैक्टर चलाकर हटाया गया. प्रशासन की कार्रवाई के बाद जमीन को कब्जामुक्त कराकर पीएसी अधिकारियों को सौंप दिया गया.

मजार पर कार्रवाई के बाद अधिकारियों को सौंपी गई जमीन. (photo; ITG)

अब पीएसी बटालियन की स्थापना का काम होगा तेज
तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि संभल में ग्राम समाज की जमीनों पर अवैध कब्जे के कई मामले सामने आए हैं, लेकिन पीएसी की जमीन पर इस तरह का मामला पहली बार सामने आया है. उनके मुताबिक पीएसी के लिए यह जमीन वर्ष 2019 में खरीदी गई थी. आरोप है कि करीब दो साल पहले जमीन पर मौजूद लगभग 50 साल पुराने पीपल के पेड़ के स्थान पर मजार का निर्माण कर जमीन पर कब्जा किया गया था.

प्रशासन की कार्रवाई के बाद अब पीएसी बटालियन के लिए प्रस्तावित जमीन पूरी तरह कब्जामुक्त करा दी गई है. अधिकारियों को जमीन का कब्जा मिलने के बाद बटालियन की स्थापना से जुड़ा काम आगे बढ़ने की उम्मीद है. इससे संभल में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी.

---- समाप्त ----

ये भी देखें

संभल में एंटी करप्शन की रेड, हाईवे पर दौड़ाकर पकड़ा गया रिश्वतखोर लेखपाल

Live TV

aaj tak epaper in hindi