मुंबई: Ramayana Movie OTT Release: रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म की एडवांस बुकिंग भी शुरू हो चुकी है और इसे दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया भी मिल रही है। फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार किया गया है और इसे IMAX 3D फॉर्मेट में भी रिलीज किया जाएगा। अब सिनेमाघरों में दस्तक देने से पहले ही फिल्म की ओटीटी रिलीज को लेकर भी बड़ी जानकारी सामने आई है। ऐसे दर्शक जो थिएटर में फिल्म नहीं देख पाएंगे, उनके लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर इसे देखने का विकल्प उपलब्ध कराने की तैयारी है।
थिएटर के बाद जियोहॉटस्टार पर देख सकेंगे फिल्म
'रामायण: पार्ट 1' के निर्माता नमित मल्होत्रा ने फिल्म की डिजिटल रिलीज के लिए जियोहॉटस्टार के साथ साझेदारी की है। फिल्म का सिनेमाघरों में प्रदर्शन पूरा होने के बाद इसे भारत में जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध कराया जाएगा। लेकिन इस फिल्म को देखने के लिए दर्शकों को सामान्य सब्सक्रिप्शन के बजाय पे-पर-व्यू सुविधा का इस्तेमाल करना होगा। इस विकल्प के तहत दर्शक अलग से भुगतान करके फिल्म देख सकेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, जियोहॉटस्टार पहली बार इस तरह का विकल्प पेश करने जा रहा है, जिसमें दर्शकों को किसी खास फिल्म को अलग से खरीदकर देखने का मौका मिलेगा। फिलहाल फिल्म की ओटीटी रिलीज की सटीक तारीख और इसकी कीमत की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
नीता अंबानी ने रामायण की डिजिटल रिलीज पर जताई खुशी
जियोस्टार की चेयरपर्सन नीता मुकेश अंबानी ने 'रामायण' को भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण विरासत बताया है। उनके मुताबिक, रामायण ऐसी कहानी है, जिसने सदियों से लोगों की सोच, कल्पना और जीवन को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि तकनीक की मदद से भारत की सांस्कृतिक कहानियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के अवसर बढ़ रहे हैं। जियोहॉटस्टार के माध्यम से इस भव्य फिल्म को देशभर के परिवारों तक पहुंचाना उनके लिए गर्व की बात है। फिल्म की डिजिटल रिलीज को लेकर यह साझेदारी इसलिए भी अहम मानी जा रही है, क्योंकि इससे सिनेमाघरों के बाद दर्शकों को घर बैठे फिल्म देखने का अवसर मिलेगा।
दो भागों में बनेगी रामायण, बड़े सितारे निभाएंगे अहम भूमिकाएं
'रामायण' को दो भागों में रिलीज करने की योजना है। पहला भाग दिवाली 2026 के दौरान आ रहा है, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज होने की संभावना है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभाते नजर आएंगे। इसके अलावा अरुण गोविल, लारा दत्ता, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर और काजल अग्रवाल समेत कई कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं। इसका निर्माण प्राइम फोकस स्टूडियोज ने DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के सहयोग से किया है। फिल्म की कहानी वाल्मीकि रामायण पर आधारित है और इसकी पटकथा श्रीधर राघवन ने तैयार की है।
इन्हें भी पढ़ें:
- इस खिलाड़ी ने जड़ दिया सबसे तेज दोहरा शतक, किसने लगाया था पहला डबल सेंचुरी? देखें टॉप-5 बल्लेबाजों की लिस्ट
- अचानक स्कूलों को बंद करने का आदेश, स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों मैसेज भेज कर दी जानकारी, जानें क्यों लिया ये फैसला
- न्यूजीलैंड दौरे के बीच टीम इंडिया को बड़ा झटका, ये विस्फोटक बल्लेबाज हुआ बाहर, जानें क्या है वजह