
बेंगलुरु की लड़की के ₹63 हजार खर्चImage Credit source: Instagram/shivanjaliverse
बेंगलुरु जैसे बड़े शहर में नौकरी करने और रहने का खर्च कितना तेजी से बढ़ सकता है, इसका अंदाजा एक 26 साल की कॉरपोरेट कर्मचारी के सितंबर महीने के खर्च से लगाया जा सकता है. इंस्टाग्राम यूजर शिवांजलि ने एक वीडियो शेयर कर बताया कि उन्होंने सितंबर में कुल 63 हजार रुपये खर्च किए. उन्होंने अपने महीने भर के खर्च को अलग-अलग कैटेगरी में बांटकर बताया कि आखिर पैसा कहां-कहां गया.
शिवांजलि ने बताया कि वह अपने कॉलेज के दोस्तों के साथ 3 BHK फ्लैट में रहती हैं. फ्लैट के किराए और मेंटेनेंस में उनका हिस्सा करीब 25 हजार रुपये महीने का है. यानी उनके कुल खर्च का सबसे बड़ा हिस्सा घर के किराए पर ही चला जाता है. खाने की बात करें तो ऑफिस जाने का एक फायदा उन्हें यह मिलता है कि वह आमतौर पर नाश्ता और लंच वहीं कर लेती हैं. इससे दिन के दो वक्त के खाने का खर्च बच जाता है. रात के खाने के लिए उन्होंने फ्लैटमेट्स के साथ एक कुक रखा हुआ है. कुक के खर्च में उनका हिस्सा करीब 2 हजार रुपये है. इसके अलावा घर के राशन और बाकी जरूरी सामान पर वह करीब 3 हजार रुपये खर्च करती हैं.
लड़की ने बेंगलुरु में बताया अपना बजट
हालांकि, बाहर खाना और ऑनलाइन फूड ऑर्डर उनके बजट पर खासा असर डालते हैं. शिवांजलि के मुताबिक, दोस्तों के साथ डिनर, बाहर की खाने-पीने की चीजें और Swiggy-Zomato के ऑर्डर मिलाकर करीब 12 हजार रुपये खर्च हो गए. इसके अलावा घर की सफाई और दूसरे कामों के लिए रखी गई हेल्पर के खर्च में उनका हिस्सा करीब 1 हजार रुपये है. आने-जाने के लिए शिवांजलि ज्यादातर अपनी बाइक का इस्तेमाल करती हैं. सितंबर में पेट्रोल पर करीब 3 हजार रुपये खर्च हुए. वहीं, जरूरत पड़ने पर ऑटो और कैब लेने में 4 हजार रुपये और चले गए.
उनके खर्च में जिम की फीस और अलग-अलग डिजिटल सब्सक्रिप्शन भी शामिल हैं. जिम, AI टूल्स, iCloud, OTT प्लेटफॉर्म और दूसरे सब्सक्रिप्शन पर उनका कुल खर्च करीब 6 हजार रुपये रहा. इसके अलावा शॉपिंग, पर्सनल केयर और छोटे-बड़े दूसरे खर्चों को जोड़ें तो करीब 7 हजार रुपये और खर्च हुए. इस तरह जब उन्होंने महीने भर के सभी खर्च जोड़े तो कुल रकम 63 हजार रुपये पहुंच गई. शिवांजलि ने कहा कि जब उन्होंने आखिर में पूरा हिसाब देखा तो रकम देखकर उन्हें थोड़ा डर लगा, लेकिन कम से कम अब उन्हें यह साफ पता है कि उनका पैसा किन चीजों पर खर्च हुआ.
उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया. कुछ लोगों ने उनके खर्च को सामान्य बताया, तो कुछ ने उनकी इनकम और सेविंग्स को लेकर सवाल पूछे. एक यूजर ने सलाह दी कि खर्च करने के साथ-साथ निवेश पर भी ध्यान देना चाहिए. वहीं, एक अन्य यूजर ने पूछा कि उनकी लगभग कितनी सैलरी है. कुछ लोगों ने उनके लाइफस्टाइल की तुलना अपनी जिंदगी से भी की. एक यूजर ने कहा कि वह इतनी महंगी जिंदगी जीने के बजाय कम कमाई में शांत और सुकून वाली जिंदगी पसंद करेगा. उसने बताया कि उसने जमीन खरीदी है, ऑर्गेनिक खेती और पशुपालन कर रहा है और स्क्रीन पर कम समय बिताता है.
यह भी पढ़ें: Viral Video: बिहार से बेंगलुरु जा रही मां के लिए फरिश्ता बना ट्रेन स्टाफ, 2 साल के बच्चे के लिए तुरंत बनाया ओट्स
वहीं, एक यूजर ने अपने खर्च का उदाहरण देते हुए कहा कि वह बेंगलुरु में सितंबर के पूरे महीने में कमरे का किराया, खाना और बाकी खर्च मिलाकर सिर्फ 5 हजार रुपये खर्च करता है. इस तरह शिवांजलि का 63 हजार रुपये का मासिक खर्च लोगों के बीच तुलना और बहस का मुद्दा बन गया.
यहां देखिए वीडियो

आयुष कुमार
आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं. अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.
Read More