महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़े सियासी उलटफेर की चर्चा तेज हो गई है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट के विधायक मुरजी पटेल ने दावा किया है कि उद्धव ठाकरे (UBT) गुट के 14 विधायक उनके संपर्क में हैं। उन्होंने दावा किया कि सांसदों के बाद अब जल्द ही 'ऑपरेशन टाइगर' के तहत ये विधायक और कई नगरसेवक शिंदे सेने में शामिल हो सकते हैं।
महाराष्ट्र विधानसभा में उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना (UBT) के कुल 20 विधायक हैं।
- Published: 07 Sep 2026, 04:32 PM IST
- Last Updated: 07 Sep 2026, 04:32 PM IST
महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में 'ऑपरेशन टाइगर-4' को लेकर सुगबुगाहट चरम पर है। शिवसेना (शिंदे गुट) के विधायक मुरजी पटेल द्वारा दिए गए ताजा बयान के बाद राज्य में एक बार फिर बड़े दल-बदल की अटकलें लगाई जा रही हैं। इससे पहले ठाकरे गुट के 6 सांसद शिंदे की शिवसेना का दामन थाम चुके हैं, और अब विधानसभा में ठाकरे गुट के बाकी बचे विधायकों को भी अपने पाले में लाने का दावा किया जा रहा है।
14 विधायकों का आंकड़ा क्यों है बेहद अहम?
महाराष्ट्र विधानसभा में उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना (UBT) के कुल 20 विधायक हैं। संविधान के दलबदल विरोधी कानून के तहत किसी भी पार्टी के दो-तिहाई विधायकों का एक साथ अलग होना अनिवार्य होता है ताकि उनकी सदस्यता पर कोई खतरा न आए। 20 का दो-तिहाई हिस्सा 14 होता है। यही वजह है कि 14 विधायकों के संपर्क में होने की खबर को कानूनी और राजनीतिक दोनों दृष्टिकोण से काफी अहम माना जा रहा है।
सांसदों के बाद अब विधायकों और नगरसेवकों की बारी
मुरजी पटेल के अनुसार, यह पूरी प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से चल रही है। सबसे पहले ठाकरे गुट के 6 लोकसभा सांसदों ने एकनाथ शिंदे के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए उनका हाथ थामा था। अब दूसरे चरण में 14 विधायकों के शामिल होने का दावा है, जिसके बाद विभिन्न महानगर पालिकाओं और स्थानीय निकायों के कई पार्षद/नगरसेवक भी शिंदे गुट में शामिल हो सकते हैं।
MVA की बैठक में अनुपस्थिति और गुप्त बैठकों के दावे
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में आयोजित महाविकास अघाड़ी (MVA) की बैठक में 60 में से 37 विधायकों की अनुपस्थिति ने इन अटकलों को और हवा दे दी। इसके अलावा कुछ विधायकों द्वारा किसी अज्ञात स्थान पर एकनाथ शिंदे से सीक्रेट मुलाकात की भी खबरें सामने आई हैं। हालांकि, इन मुलाकातों की आधिकारिक पुष्टि किसी वरिष्ठ नेता ने नहीं की है।
ठाकरे गुट ने दावों को सिरे से खारिज किया
दूसरी ओर, उद्धव ठाकरे गुट (शिवसेना UBT) ने इन सभी दावों और खबरों का खंडन किया है। पार्टी के प्रवक्ताओं और नेताओं का कहना है कि यह केवल मानसिक दबाव बनाने और भ्रामक माहौल पैदा करने के लिए उड़ाई गई अफवाहें हैं। पार्टी का कोई भी विधायक या नेता कहीं नहीं जा रहा है और सभी एकजुट हैं।