भारत में गिग वर्कर्स और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के लिए काम करने वाले श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा अंशदान को लेकर नियमों पर चर्चा जारी है. सरकार इस बात पर विचार कर रही है कि एग्रीगेटर कंपनियों से अंशदान उनके सालाना कारोबार के आधार पर लिया जाए या कामगारों को किए जाने वाले भुगतान के आधार पर. दोनों तरीकों का अलग-अलग कारोबार पर अलग असर पड़ सकता है. खासकर कैब, ऑटो और बाइक जैसी राइड-हेलिंग सेवाओं पर भुगतान आधारित व्यवस्था का बोझ ज्यादा पड़ने की आशंका जताई जा रही है.
दो तरीकों पर हो रहा विचार
एनालिस्ट और इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों के मुताबिक श्रम और रोजगार मंत्रालय सामाजिक सुरक्षा अंशदान तय करने के लिए प्रति लेनदेन या कामगारों को किए जाने वाले भुगतान पर आधारित व्यवस्था को मानक बनाने पर विचार कर रहा है. दूसरा विकल्प कंपनियों के सालाना कारोबार के आधार पर अंशदान लेने का है. विश्लेषकों और उद्योग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, प्रति लेनदेन या कामगारों के भुगतान से जुड़ा मॉडल उन कारोबारों पर ज्यादा वित्तीय बोझ डाल सकता है, जहां लेनदेन की संख्या बहुत ज्यादा लेकिन हर लेनदेन की कीमत कम होती है. अलग-अलग प्लेटफॉर्म के कारोबार मॉडल के कारण दोनों व्यवस्थाओं का असर भी अलग हो सकता है.
क्या है सामाजिक सुरक्षा कानून?
सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 के तहत एग्रीगेटर कंपनियों के लिए गिग और प्लेटफॉर्म कामगारों के सामाजिक सुरक्षा कोष में अंशदान देना अनिवार्य है. नियमों के अनुसार, किसी एक एग्रीगेटर के साथ वित्त वर्ष में 90 दिन काम करने या कई एग्रीगेटर कंपनियों के साथ कुल 120 दिन काम करने के बाद गिग वर्कर इस योजना के तहत लाभ पाने का पात्र हो जाता है. एग्रीगेटर कंपनियों को अपने सालाना अंशदान का आकलन कर उसे हर साल जमा करना होता है. अब अंशदान की गणना किस आधार पर होगी, इसी को लेकर तकनीकी व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है.
1 से 2% कारोबार, भुगतान पर 5% तक अंशदान
संहिता की धारा 114(4) के तहत एग्रीगेटर को अपने सालाना कारोबार का 1 से 2% अंशदान देना होगा. हालांकि, यह राशि गिग और प्लेटफॉर्म कामगारों को किए जाने वाले कुल भुगतान के 5% से ज्यादा नहीं हो सकती. मंत्रालय विकल्प के तौर पर सीधे कामगारों को किए गए भुगतान के आधार पर भी फॉर्मूले पर विचार कर रहा है, जिसमें भुगतान का 5% तक अंशदान लिया जा सकता है. विश्लेषकों का मानना है कि ऐसी भुगतान आधारित व्यवस्था राइड-हेलिंग यानी कैब, ऑटो और बाइक सेवाओं जैसे ज्यादा लेनदेन वाले कारोबारों पर काफी भारी पड़ सकती है.
ये भी पढ़ें: MCX इलेक्ट्रिसिटी फ्यूचर्स ने बनाया नया रिकॉर्ड, टर्नओवर ₹245 करोड़, OI भी ऑल टाइम हाई

विशाल मैथिल
भोपाल के रहने वाले हैं. कम्प्यूटर साइंस में ग्रेजुएशन और मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद डिजिटल मीडिया में कदम रखा. दैनिक भास्कर से शुरुआत हुई. इसके बाद टाइम्स नाउ नवभारत और अमर उजाला जैसे संस्थान में टेक जर्नलिस्ट के दौर पर करने के बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े हैं. सोशल मीडिया कैंपेन को लीड करने और हिंदी मैग्जीन में भी काम करने का मौका मिला. फिलहाल टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी और स्मार्टफोन की खबरें आप तक आसान भाषा में पहुंचाने का काम कर रहे हैं. गैजेट्स कंपेरिजन, गैजेट्स रिव्यूज और मोबाइल रिचार्ज जैसे टॉपिक्स पर भी अच्छी पकड़ रखते हैं. रिसर्च, एक्सप्लेनर, डाटा स्टोरी और इंफोग्राफिक्स के साथ जटिल खबरों को आसानी से कहने और टेक जगत की छोटी-बड़ी अपडेट आप तक पहुंचाने का हुनर रखते हैं. गैजेट्स के अलावा किताबों और म्यूजिक में भी खूब मन लगता है.
Read More