October 3, 2026

आमिर जांगू ने लगाई खास 'हैट्रिक', बने वेस्टइंडीज के पहले बल्लेबाज, ODI क्रिकेट में 5वीं बार हुआ ऐसा

आमिर जांगू ने लगाई खास ‘हैट्रिक’, बने वेस्टइंडीज के पहले बल्लेबाज, ODI क्रिकेट में 5वीं बार हुआ ऐसा

आमिर जांगू ने भारत के खिलाफ सीरीज में कमाल की बल्लेबाजी कीImage Credit source: PTI

IND vs WI 3rd ODI: भारत दौरा वेस्टइंडीज के लिए एक बार फिर अच्छा साबित नहीं हुआ और 24 साल से वनडे सीरीज जीतने का इंतजार इस बार भी खत्म नहीं हो पाया. सीरीज के शुरुआती दोनों मैच में टीम को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा. हालांकि बल्लेबाजी के मोर्चे पर जरूर विंडीज टीम की तरफ से कुछ अच्छा प्रदर्शन दिखा, जिसमें कुछ बल्लेबाजों ने शतक भी लगाए. इनमें भी सबसे अच्छे बल्लेबाज के रूप में उभरे आमिर जांगू, जिन्होंने तीनों मैच में 50 से ज्यादा रन बनाकर इतिहास रच दिया.

तीसरे मैच में भी जांगू का जलवा

न्यू चंडीगढ़ में शनिवार 3 अक्टूबर को वनडे सीरीज के तीसरे मैच में भी वेस्टइंडीज के इस बल्लेबाज ने भारतीय गेंदबाजों को परेशान किया. पहली बार भारत दौरे पर आए बाएं हाथ के बल्लेबाज जांगू ने सीरीज की शुरुआत एक तूफानी अर्धशतक से की थी और फिर दूसरे वनडे मैच में तो जबरदस्त शतक भी लगाया था. तीसरे मैच में भी इस बल्लेबाज ने 50 का आंकड़ा पार किया और इस बार उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए ये अर्धशतक लगाया.

भारत से मिले 352 रन के लक्ष्य के जवाब में आमिर जांगू तीसरे नंबर पर बैटिंग के लिए उतरे. पारी के पांचवें ओवर में ही उनकी बल्लेबाजी आ गई थी और उन्होंने कप्तान शे होप का अच्छा साथ दिया. 29 साल के इस बल्लेबाज ने 47 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने कप्तान होप के साथ 109 रन की बेहतरीन साझेदारी की, जिसका अंत जांगू के रन आउट होने के साथ हुआ. मगर वो टीम को 150 रन तक ले गए.

रिकॉर्ड बुक में लिखा जांगू का नाम

जांगू आखिरकार 56 गेंदों में 67 रन बनाकर आउट हुए. इस तरह तीनों मैच में उनके नाम 50 से ज्यादा का स्कोर हो गया. उन्होंने पहले मैच में 58 रन (नाबाद) और दूसरे में 114 रन की पारी खेली थी. इस तरह भारतीय जमीन पर वनडे क्रिकेट की अपनी पहली 3 पारियों में ही 50 से ज्यादा रन बनाने वाले वो वेस्टइंडीज के पहले बल्लेबाज बन गए. वहीं कुल मिलाकर वो सिर्फ पांचवें ऐसे बल्लेबाज हैं, जिसने ये कमाल किया. इस लिस्ट में उनसे पहले नवजोत सिंह सिद्धू, मार्क वॉ, मैथ्यू हेडन और जेसन रॉय ने ही ऐसा किया था.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button