August 30, 2026

फिर सवालों के घेरे में NTA? अब रद्द हुई NEET PG की परीक्षा! अभ्यर्थी जता रहे पेपर लीक की आशंका

Time Updated: Sunday, August 30, 2026, 15:26 [IST]

NEET PG 2026 Jaipur Exam Cancelled: राजस्थान के जयपुर में नीट पीजी 2026 परीक्षा के दौरान बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। सीतापुरा स्थित आईओएन डिजिटल जोन (iDZ) परीक्षा केंद्र पर परीक्षा शुरू होने के बाद बिजली चली गई, जिससे कई परीक्षार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली जाने के साथ ही कई कंप्यूटर बंद हो गए और परीक्षा बार-बार रुकती रही। डॉक्टरों का आरोप है कि तय समय पर परीक्षा शुरू नहीं हो सकी और सिस्टम में कई बार दिक्कत आई।

करीब दो घंटे तक चली इस परेशानी के बाद इस केंद्र की परीक्षा रद्द कर दी गई। अब यहां परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा 5 सितंबर को आयोजित की जाएगी। इस घटना के बाद छात्रों ने परीक्षा की निष्पक्षता और पेपर की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए हैं। बता दें, नीट यूजी की तरह नीट पीजी की परीक्षा NTA आयोजित नहीं करवाती है। NEET PG 2026 की परीक्षा कराने वाली संस्था NBEMS (National Board of Examinations in Medical Sciences) है।

NEET PG 2026 Jaipur Exam Cancelled

9 बजे की जगह 10 बजे शुरू हुई परीक्षा

अभ्यर्थियों के मुताबिक, परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू होनी थी, लेकिन बिजली और कंप्यूटर की समस्या के कारण करीब 10 बजे शुरू हो सकी। परीक्षा शुरू होने के बाद भी परेशानी खत्म नहीं हुई। छात्रों ने बताया कि कंप्यूटर करीब 6 से 7 बार बंद हुए।

ये भी पढ़ें: NEET PG Admit Card: फिर बदली नीट पीजी एडमिट कार्ड की तारीख, अब कब किया जाएगा जारी? चेक करें डिटेल

NBEMS के अनुसार, जयपुर के सीतापुरा स्थित iON Digital Zone के दो केंद्रों पर बिजली आपूर्ति में दिक्कत आई थी। इनकी परीक्षा केंद्र संख्या 41,682 और 41,683 है। बिजली से जुड़ी समस्या के कारण यहां परीक्षा तय तरीके से पूरी नहीं कराई जा सकी।

दो घंटे में कई बार आई रुकावट

परीक्षा देने पहुंचे डॉक्टरों का कहना है कि करीब दो घंटे की परीक्षा के दौरान लगभग 10 बार बाधा आई। कुछ कंप्यूटर दोबारा शुरू होने के बाद स्क्रीन पर 3 से 4 सवाल दिखाई दिए। वहीं, कुछ अन्य सिस्टम में 5 से 6 सवाल आने के बाद कंप्यूटर फिर बंद हो गया। इससे अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा देना काफी मुश्किल हो गया।

सेंटर पर अधिकारी नहीं दिखे

छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि परीक्षा के दौरान जब बार-बार कंप्यूटर बंद हो रहे थे, तब सेंटर पर कोई अधिकारी नजर नहीं आया। परेशान अभ्यर्थियों ने व्यवस्था को लेकर विरोध जताया और परीक्षा को लेकर कई सवाल उठाए।

पेपर लीक की आशंका जताई

बार-बार सिस्टम बंद होने और अलग-अलग कंप्यूटरों पर दोबारा स्क्रीन आने के बाद कुछ छात्रों ने पेपर की गोपनीयता पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि अलग-अलग कंप्यूटरों पर अलग संख्या में सवाल दिखाई देने से उन्हें पेपर लीक होने की आशंका हुई। हालांकि, छात्रों की ओर से जताई गई यह आशंका फिलहाल एक आरोप है।

NBEMS की ओर से जारी जानकारी में परीक्षा में गड़बड़ी या पेपर लीक की पुष्टि नहीं की गई है। बोर्ड ने परीक्षा पूरी नहीं हो पाने की वजह आंतरिक बिजली आपूर्ति की समस्या बताई है।

5 सितंबर को फिर होगी परीक्षा, बोर्ड ने मांगी माफी

इस पूरे घटनाक्रम के बाद सीतापुरा के आईओएन डिजिटल जोन केंद्र पर आयोजित नीट पीजी परीक्षा रद्द कर दी गई है। अब इस केंद्र से परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा 5 सितंबर को दोबारा आयोजित की जाएगी। बोर्ड ने कहा कि इन केंद्रों पर परीक्षा पूरी नहीं हो सकी, इसलिए प्रभावित उम्मीदवारों को दोबारा परीक्षा का मौका दिया जा रहा है।

परीक्षा में आई इस परेशानी पर NBEMS ने प्रभावित उम्मीदवारों से माफी मांगी है। बोर्ड ने कहा कि जयपुर के दोनों केंद्रों पर आंतरिक बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्या के कारण परीक्षा पूरी नहीं हो सकी। NBEMS ने प्रभावित अभ्यर्थियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है।

AIAPGET में भी सामने आई थी ऐसी परेशानी

जयपुर में इससे पहले ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट एंट्रेंस टेस्ट (AIAPGET) 2026 के दौरान भी बिजली जाने की समस्या सामने आई थी। एनटीए की ओर से आयोजित इस परीक्षा के दौरान इसी तरह लाइट चली गई थी, जिसके बाद संबंधित केंद्र पर परीक्षा स्थगित कर दी गई थी। अब यह परीक्षा 1 सितंबर को आयोजित की जाएगी।

ये भी पढ़ें: NTA ने जारी किया AIAPGET री-एग्जाम का एडमिट कार्ड, कब होगी परीक्षा? क्यों हुई थी कैंसिल?