July 24, 2026

NTA में सुधार के लिए सरकार का बड़ा कदम, GM स्तर के 4 अफसर होंगे नियुक्त

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने संस्थागत मजबूती की दिशा में बड़े कदम उठाए हैं. NTA ने जनरल मैनेजर स्तर के 4 वरिष्ठ पदों पर कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर नियुक्तियों के लिए विज्ञापन जारी किया है. इन पदों पर शुरुआती नियुक्ति 3 साल के लिए होगी. असेसमेंट रिसर्च एंड डेवलपमेंट और साइकोमेट्रिक्स के जनरल मैनेजर की जिम्मेदारी परीक्षा और मूल्यांकन से जुड़ी रिसर्च की होगी.

इसमें प्रश्न बैंक, नॉर्मलाइजेशन और AI आधारित परीक्षा तकनीक पर काम शामिल है. टेस्ट सेंटर नेटवर्क और ऑपरेशंस के जनरल मैनेजर की जिम्मेदारी देशभर के 500 से ज्यादा शहरों में परीक्षा केंद्रों के नेटवर्क की होगी.

चीफ इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर होगा नियुक्त

इस पद के तहत परीक्षा केंद्रों की गुणवत्ता, सुविधाओं और परीक्षा संचालन की निगरानी की जाएगी. इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी के जनरल मैनेजर को NTA का चीफ इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर बनाया जाएगा. यह अधिकारी NTA के सभी सिस्टम, नेटवर्क और डेटा की साइबर सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेगा.

विजिलेंस, जांच और डिजिटल फॉरेंसिक के जनरल मैनेजर परीक्षा में गड़बड़ी और नकल जैसे मामलों की जांच की जिम्मेदारी संभालेंगे. इस पद पर CBI, IB, ED, पुलिस और साइबर क्राइम यूनिट के साथ समन्वय भी किया जाएगा.

16 यंग प्रोफेशनल्स को नियुक्त करेगा

NTA पहली बार UPSC के प्रतिभा सेतु पोर्टल के जरिए 16 यंग प्रोफेशनल्स को नियुक्त करेगा. ये नियुक्तियां उन उम्मीदवारों में से होंगी, जो सिविल सेवा परीक्षा में शामिल हुए थे और प्रतिभा सेतु पोर्टल पर उपलब्ध हैं. 12 पद अकादमिक रिसर्च, 2 पद लीगल रिसर्च और 2 पद फाइनेंस एंड अकाउंट्स के लिए होंगे.

यंग प्रोफेशनल्स की नियुक्ति शुरुआती तौर पर 24 महीने के लिए होगी, जिसे प्रदर्शन के आधार पर अधिकतम 36 महीने तक बढ़ाया जा सकता है. NTA में आगे भी अलग-अलग क्षेत्रों में भर्ती और विशेषज्ञों की नई पैनलिंग की जाएगी.

यह पूरी प्रक्रिया प्रो के राधाकृष्णन की अध्यक्षता वाली हाई लेवल कमेटी की सिफारिशों के आधार पर NTA को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया कदम है. NTA ने विषय विशेषज्ञों और अनुवादकों की नई पैनलिंग के लिए भी अलग से Expression of Interest जारी किया है.

ये भी पढ़ें-NEET UG समेत अन्य एग्जाम से जुड़ी शिकायतों का NTA कैसे करता है निस्तारण? जानें क्या है सिस्टम

शालिनी बाजपेयी

शालिनी बाजपेयी

शालिनी बाजपेयी टीवी9 भारतवर्ष न्यूज चैनल में सीनियर रिपोर्टर के तौर पर दिल्ली में काम कर रही हैं. टीवी9 भारतवर्ष से 2019 से जुड़ी हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. शिक्षा, स्वास्थ्य और दिल्ली सरकार जैसी अहम बीट को कवर करती हैं. शालिनी ने लखनऊ विश्वविद्यालय से स्नातक और परास्नातक किया है

Read More

google button