बिहार सरकार ने राज्य में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) का कैंपस स्थापित करने को मंजूरी दे दी है, जिसमें 50% निर्माण लागत का खर्च सरकार उठाएगी। इस परियोजना का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को घरेलू स्तर पर प्रशिक्षित करना, पारंपरिक लोक रंगमंच को आधुनिक मंचन के साथ एकीकृत करना और बिहार संगीत एवं नाट्य अकादमी के साथ सहयोग को बढ़ावा देना है।
By Oneindia Staff
Published: Tuesday, September 1, 2026, 18:31 [IST]
बिहार में जल्द ही राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) का नया कैंपस स्थापित किया जाएगा। केंद्र सरकार ने बिहार में NSD कैंपस की स्थापना को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से राज्य के युवा कलाकारों को बिहार में ही उच्चस्तरीय नाट्य प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार में NSD कैंपस की स्थापना को मंजूरी दिए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के प्रति भी धन्यवाद व्यक्त किया।
NSD कैंपस की स्थापना के लिए बिहार सरकार जमीन उपलब्ध कराने के साथ-साथ भवन निर्माण की लागत का 50 प्रतिशत हिस्सा भी वहन करेगी। इस पहल से राज्य में नाट्य प्रशिक्षण के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा विकसित होने की उम्मीद है।
युवा कलाकारों को मिलेगा राज्य में ही प्रशिक्षण
नए कैंपस की स्थापना से बिहार के युवा कलाकारों को नाट्य प्रशिक्षण के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्हें राज्य में ही राष्ट्रीय स्तर की संस्थागत व्यवस्था के तहत रंगमंच और नाट्य कला से जुड़े प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।
इस पहल से बिहार की समृद्ध नाट्य परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है। साथ ही राज्य की स्थानीय रंगमंचीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा।
लोक नाट्य और आधुनिक रंगमंच का होगा समन्वय
NSD कैंपस के माध्यम से बिहार की पारंपरिक लोक नाट्य विधाओं और आधुनिक रंगमंच के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। इससे राज्य की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ उसे आधुनिक रंगमंच की तकनीकों से जोड़ने में मदद मिलेगी।
बिहार संगीत नाट्य अकादमी के साथ मिलकर सांस्कृतिक संवर्धन से जुड़े कार्य भी किए जाएंगे। इसके जरिए स्थानीय कला, लोक परंपराओं और आधुनिक नाट्य प्रशिक्षण के बीच सहयोग को मजबूत किया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में NSD कैंपस की स्थापना राज्य की सांस्कृतिक विरासत और युवा प्रतिभाओं के भविष्य में बड़ा निवेश है।
Read more about: