September 19, 2026

'लगा करियर खत्म हो गया...', जब चीन ने डोभाल के एजेंटों को पकड़ लिया, NSA ने सुनाया पुराना किस्सा

‘लगा करियर खत्म हो गया…’, जब चीन ने डोभाल के एजेंटों को पकड़ लिया, NSA ने सुनाया पुराना किस्सा

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल. (फाइल फोटो)

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल ने शनिवार को भारतीय प्रोद्यौगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के छात्रों को संबोधित करते हुए अपने शुरुआती दिनों का एक किस्सा साझा किया जब उन्हें लगा था कि उनका करियर खत्म हो जाएगा. डोभाल ने बताया कि करियर के शुरुआती दिनों में उन्हें सिक्किम में तैनाती मिली, जहां सीमा क्षेत्र में निगरानी के लिए भेजी गई उनकी एक टीम को चीनी सेना ने पकड़ लिया था और बाद में जांच में इसकी वजह सीमा के गलत नक्शे और स्केच सामने आए.

उन्होंने बताया कि यह तब की बात है जब सिक्किम का भारत में विलय होने वाला था. डोभाल ने कहा कि एक युवा आईपीएस अधिकारी के रूप में वह सिक्किम में खुफिया तंत्र से जुड़े थे और उनकी जिम्मेदारी सीमा पर होने वाली गतिविधियों पर नजर रखना भी थी.

जब वापस नहीं लौटी टीम

डोभाल ने बताया कि सीमा पार की स्थिति पर नजर रखने के लिए एक टीम को पांच-छह दिनों के मिशन पर भेजा गया था, लेकिन 10-11 दिन बीतने के बाद भी टीम वापस नहीं लौटी. इसके बाद मुख्यालय से उन्हें फोन आया और टीम के चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) की हिरासत में होने की जानकारी दी गई.

‘ऐसा लगा कि करियर लगभग खत्म’

एनएसए के अनुसार, उन्हें तब लगा था कि उनका करियर लगभग खत्म हो गया. हालांकि, उन्होंने कहा कि टीम के सदस्यों को बाद में बिना किसी नुकसान के रिहा कर दिया गया. उन्होंने बताया कि घटना की जांच कराई गई, जिसमें पाया गया कि टीम को उपलब्ध कराए गए स्केच और नक्शों में गलतियां थीं, जिसके कारण सीमा की पहचान को लेकर भ्रम पैदा हुआ, जांच में डोभाल को जिम्मेदार नहीं ठहराया गया.

इसके बावजूद, उन्होंने कहा कि घटना ने उन्हें बेहद निराश और दुखी कर दिया था. डोभाल ने कहा कि मैं बहुत दुखी था. यह जीवन का वह दौर था जब आप खुद को बहुत निराश महसूस करते हैं. एनएसए ने कहा कि इसी मुश्किल दौर में खुफिया ब्यूरो में उनके साथ काम करने वाले एक तिब्बती शेरपा ने उन्हें सलाह दी जिसे उन्होंने जीवनभर याद रखा.

ये सब मैप-रीडिंग का चक्कर

उन्होंने कहा कि शेरपा ने कहा, ये सब मैप-रीडिंग का चक्कर है. कुछ लोग नक्शा सही पढ़ते हैं और कुछ गलत. उन्होंने कहा कि इस शेरपा ने माउंट एवरेस्ट को आठ बार फतेह किया और 24 साल बर्फ की चोटियों पर गुजारे थे. डोभाल ने कहा कि शेरपा ने उन्हें जीवन के तीन मंत्र बताए, पहला-तुम कहां खड़े हो, दूसरा- तुम्हें कहां जाना है और तीसरा- वहां जाने और वहां से आने का रास्ता क्या है. एनएसए ने कहा कि समय के साथ यह सलाह उनके लिए सिर्फ पहाड़ों में रास्ता तलाशने का तरीका नहीं रही, बल्कि जीवन को देखने का एक नजरिया बन गयी.

TV9 Bharatvarsh

TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More

google button