Published: Wednesday, July 15, 2026, 9:13 [IST]
Nitish Kaushal FBI Most Wanted: अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी FBI ने भारतीय मूल के नितीश कौशल को अपनी 'मोस्ट वांटेड' सूची में शामिल कर लिया है। उन पर अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध से जुड़े गंभीर आरोप हैं। FBI के मुताबिक नितीश कौशल पंजाब से जुड़े जग्गू भगवानपुरिया गैंग के सहयोगी हैं और अपहरण, हमला, हथियारों की तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी, रंगदारी और मनी लॉन्ड्रिंग जैसी गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब अमेरिका और कनाडा भारतीय गैंगस्टरों के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर लगातार शिकंजा कस रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर नितीश कौशल कौन हैं और उन पर क्या-क्या आरोप हैं।
Who is Nitish Kaushal: कौन हैं नितीश कौशल?
नितीश कौशल भारतीय मूल के हैं और FBI के अनुसार वह जग्गू भगवानपुरिया ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप (OCG) के सक्रिय सहयोगी हैं। यह गैंग पंजाब से शुरू हुआ, लेकिन बाद में अमेरिका समेत कई देशों तक अपना नेटवर्क फैलाने में सफल रहा। जांच एजेंसी का दावा है कि कौशल इस गिरोह के लिए हिंसक वारदातों को अंजाम देते थे। उन पर अपहरण और लोगों पर हमले कराने जैसे आरोप लगाए गए हैं। इसी वजह से उन्हें अमेरिका की मोस्ट वांटेड सूची में रखा गया है।
ये भी पढे़ं: Lawrence Bishnoi Net Worth: जेल में हर साल 30-35 लाख करता है खर्च, कुल कितने करोड़ का मालिक है लॉरेंस बिश्नोई?
FBI ने क्या आरोप लगाए हैं?
FBI के मुताबिक 25 जून 2026 को लॉस एंजिलिस स्थित अमेरिकी जिला अदालत ने नितीश कौशल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। उन पर RICO (Racketeer Influenced and Corrupt Organizations) कानून के तहत आपराधिक साजिश रचने का आरोप है। एजेंसी का कहना है कि वह ऐसे गिरोह से जुड़े थे जो हत्या, अपहरण, ड्रग्स तस्करी, हथियारों की सप्लाई, रंगदारी, मनी लॉन्ड्रिंग और मानव तस्करी जैसे संगठित अपराधों में शामिल रहा है।
लॉरेंस बिश्नोई नेटवर्क पर भी अमेरिका का बड़ा एक्शन
नितीश कौशल के खिलाफ कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब अमेरिकी जांच एजेंसियां लॉरेंस बिश्नोई गिरोह पर भी बड़ी कार्रवाई कर रही हैं। हाल ही में अमेरिकी अभियोजकों ने लॉरेंस बिश्नोई और उसके करीबी सहयोगी गोल्डी बराड़ पर कनाडा में खालिस्तानी समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। इसके बाद FBI समेत कई एजेंसियों ने अमेरिका में बिश्नोई नेटवर्क से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की और कई लोगों को हिरासत में लिया।
ये भी पढे़ं: Punjab का दरोगा, गोल्डी बराड़ के दुश्मन संग कर रहा था वसूली , अब FBI ने की सौंपने की मांग
'ऑपरेशन हार्ड बॉल' के तहत चल रही कार्रवाई
अमेरिकी एजेंसियों ने इस अभियान को 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' नाम दिया है। इसका मकसद उत्तर अमेरिका और भारत में सक्रिय अंतरराष्ट्रीय अपराध सिंडिकेट के नेटवर्क को तोड़ना है। इस अभियान के दौरान कैलिफोर्निया सहित कई जगहों से करीब दो दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। FBI का कहना है कि यह कार्रवाई सीमा पार फैले संगठित अपराध, हिंसा, जबरन वसूली और तस्करी के नेटवर्क को खत्म करने की बड़ी रणनीति का हिस्सा है।