August 4, 2026

NIA के मोस्ट वांटेड आतंकी की PoJK में एंट्री, JAAC नेताओं से मुलाकात का दावा

नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी यानी एनआईए (NIA) के मोस्ट वांटेड आतंकी की पीओजेके (PoJK) में एंट्री हुई है और उसकी जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के नेताओं से मुलाकात का दावा किया गया है. सूत्रों के मुताबिक, इस्लामाबाद से ‘अमन जिरगा’ का एक प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoJK) के रावलाकोट पहुंचा है, जहां उसने जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के शीर्ष नेताओं के साथ बातचीत की. खुफिया सूत्रों का दावा है कि इस प्रतिनिधिमंडल में NIA का मोस्ट वांटेड आतंकी मसूद इलियास कश्मीरी भी शामिल था, जो पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़ा हुआ है.

सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान सरकार और पाकिस्तानी सेना ने जैश-ए-मोहम्मद के इस कथित आतंकी को इस्लामाबाद और JAAC के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाने के लिए भेजा है. ऐसे में एक राजनयिक शांति प्रतिनिधिमंडल में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादी मसूद इलियास कश्मीरी की कथित मौजूदगी से तरह-तरह के सवाल उठने लगे हैं.

खतरनाक आतंकियों में शामिल है मसूद इलियास

मसूद इलियास कश्मीरी को मुफ्ती मसूद इलियास और अबू मोहम्मद के नाम से भी जाना जाता है. उसकी गिनती जैश-ए-मोहम्मद के सबसे खतरनाक आतंकवादियों में होती है, भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, उसका ठिकाना पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के रावलकोट क्षेत्र में है. यहीं से वो आतंकियों की भर्ती और उन्हें ट्रेनिंग देने का काम करता है. जांच एजेंसियों का कहना है कि मसूद इलियास जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मौलाना मसूद अजहर का करीबी सहयोगी है.

भारत ने घोषित किया है आतंकवादी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मसूद इलियास कश्मीरी की भूमिका सिर्फ आतंकी गतिविधियों तक सीमित नहीं मानी जाती, बल्कि वो ऑपरेशनल रणनीति तैयार करने और आतंकियों को लॉन्चिंग पैड तक पहुंचाने में भी शामिल रहा है. सरकार द्वारा जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, मसूद इलियास लंबे समय से भारत के खिलाफ आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा है. सरकार ने खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट, जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और कई मामलों में उपलब्ध सबूतों के आधार पर उसे ‘व्यक्तिगत आतंकवादी’ घोषित किया है.

ये भी पढ़ें: भगोड़ों पर सरकार का शिकंजा! 36 देशों से 7 साल में 274 अपराधी लाए गए भारत, 17874 करोड़ की संपत्ति जब्त

जितेन्द्र कुमार शर्मा

जितेन्द्र कुमार शर्मा

साल 2002 से क्राइम और इन्वेस्टिगेशन रिपोर्टिंग का अनुभव। नवभारत टाइम्स, अमर उजाला, शाह टाइम्स के अलावा टीवी मीडिया में BAG Films के नामी शो सनसनी और रेड अलर्ट में काम किया। उसके बाद न्यूज 24, इंडिया टीवी में सेवाए दी और टीवी 9 भारतवर्ष के साथ सफर जारी है।

Read More

google button