
नीति मोहन के पिता का निधन
Neeti Mohan Father Brij Mohan Sharma Pssed Away: मोहन सिस्टर्स के नाम से मशहूर सिंगर नीति मोहन, शक्ति मोहन, मुक्ति मोहन और कृति मोहन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. इन चारों बहनों के सिर से पिता का साया उठ गया है. उनके पिता बृज मोहन शर्मा का 72 साल की उम्र में निधन हो गया है. 15 अक्टूबर को उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कहा. अब चारों बहनों ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए ये खबर शेयर की है.
पिता की याद में चारों बहनें काफी भावुक हो गईं. मोहन सिस्टर्स ने कहा कि उनके पिता उनके परिवार की नींव थे. पोस्ट में बहनों ने लिखा, “बहुत गहरे दुख और भारी मन के साथ हमें आपको ये दुखद सूचना देनी पड़ रही है कि हमारे प्यारे पिता, श्री बृज मोहन शर्मा जी 15.10.2026 को इस दुनिया से विदा लेकर प्रभु के चरणों में लीन हो गए. वे एक स्नेही पति और पिता, हमारा मार्गदर्शन करने वाले और हमारे परिवार की मजबूत नींव थे. उनकी समझदारी, दयालुता, संस्कार और निस्वार्थ प्रेम हमेशा हमारे दिलों में बसे रहेंगे. भले ही वे अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद, उनकी सीख और उनकी खूबसूरत यादें जीवन भर हमारा मार्गदर्शन करती रहेंगी.”
जिंदगी में खालीपन आ गया है- मोहन सिस्टर्स
पोस्ट में आगे कहा गया, “उनके जाने से एक ऐसा खालीपन आ गया है, जिसे कभी भरा नहीं जा सकता. लेकिन उनका प्यार हमारे दिलों में हमेशा जिंदा रहेगा. ईश्वर उनकी पवित्र आत्मा को हमेशा शांति दें. पापा हम आपको बहुत याद करेंगे.” इस पोस्ट में पिता को खोने का दर्द साफ जाहिर हो रहा है. चारों बहनों ने अपने पिता के निधन के 3 दिनों के बाद ये खबर साझा की है. फैंस उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें-
रणबीर कपूर से टक्कर लेंगे पैन इंडिया स्टार प्रभास, दिवाली पर ला रहे फिल्म
पवन सिंह पर कोर्ट ने लगाया 3 हजार रुपये का जुर्माना, पत्नी के केस में पेश नहीं होने पर हुई कार्रवाई
इन सितारों ने दी श्रद्धांजलि
फिल्म इंडस्ट्री के भी कई सितारों ने उनके पिता को श्रद्धांजलि दी है. वरुण धवन, आयुष्मान खुराना ने हाथ जोड़ने वाली इमोजी के जरिए पोस्ट पर रिएक्ट किया है. कपिल शर्मा ने लिखा, “परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं. ओम शांति.” सिंगर श्रेया घोषाल ने कमेंट में कहा, “आपके और आपके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. वे एक बहुत ही स्नेही पिता और एक सरल और मिलनसार इंसान थे. माता-पिता को खोने से पैदा हुए खालीपन को कोई भी शब्द नहीं भर सकता. ईश्वर आपको और आपके परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दे. ओम शांति.”

इसराफिल
ज्ञान एवं मोक्ष की भूमि गया से ताल्लुक रखने वाले इसराफिल TV9 भारतवर्ष के हिंदी डिजिटल विंग में बतौर सीनियर सब-एडिटर काम कर रहे हैं. वो यहां दिसंबर 2022 से एंटरटेनमेंट सेक्शन में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं और लोगों तक ताजातरीन खबरें पहुंचा रहे हैं. उनकी कोशिश होती है कि वो हर छोटी-बड़ी खबर की बारीकी को आसान शब्दों में समझा सकें. फिल्मी गॉसिप्स और बी-टाउन के सितारों से जुड़ी किस्से कहानियों में इसराफिल की खास दिलचस्पी है. किताबों और इंटरनेट के जरिए वो अलग-अलग किस्सों को जानने की कोशिश में लगे रहते हैं. उनमें से खास कहानियों को वो अपने पाठकों तक भी पहुंचाते हैं.अपने आबाई शहर से ही शुरुआती पढ़ाई पूरी करने के बाद इसराफिल ने दिल्ली NCR का रुख किया और चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से एफिलिएटिड IIMT कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट, ग्रेटर नोएडा से पत्रकारिता एवं जनसंचार (ग्रेजुएशन) की पढ़ाई की. TV9 के साथ जुड़ने से पहले वो ABP न्यूज की हिंदी वेबसाइट में कंसल्टेंट राइटर के तौर पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं. उससे पहले उन्होंने और भी कुछ एंटरटेनमेंट वेबसाइट्स के लिए काम किया है. उनके पत्रकारिता करियर की शुरुआत JK24×7 न्यूज के साथ बतौर इंटर्न हुई थी."
Read More