Published: Sunday, August 30, 2026, 19:50 [IST]
NEET UG 2026 काउंसलिंग के राउंड 2 का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी अपडेट है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने दूसरे राउंड का शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके तहत ऑल इंडिया कोटा (AIQ), डीम्ड यूनिवर्सिटी और सेंट्रल यूनिवर्सिटी की सीटों के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया 3 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इसी दिन रजिस्ट्रेशन, फीस जमा करने और चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।
उम्मीदवार 8 सितंबर तक रजिस्ट्रेशन और फीस पेमेंट कर सकेंगे, जबकि चॉइस फिलिंग की आखिरी तारीख 9 सितंबर है। इसके बाद सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया होगी और 11 सितंबर को राउंड 2 का रिजल्ट जारी किया जाएगा। सीट मिलने वाले उम्मीदवारों को 18 सितंबर तक संबंधित कॉलेज में रिपोर्ट कर एडमिशन पूरा करना होगा। MCC ने AIQ के साथ स्टेट काउंसलिंग का शेड्यूल भी जारी किया है।
3 सितंबर से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन
AIQ, डीम्ड और सेंट्रल यूनिवर्सिटी की सीटों के लिए राउंड 2 का रजिस्ट्रेशन और फीस पेमेंट 3 से 8 सितंबर तक होगा। 8 सितंबर को फीस जमा करने की सुविधा शाम 6 बजे तक रहेगी। वहीं, उम्मीदवार 3 से 9 सितंबर तक अपनी पसंद की सीट और कॉलेज चुन सकेंगे।
ये भी पढ़ें: फिर सवालों के घेरे में NTA? अब रद्द हुई NEET PG की परीक्षा! अभ्यर्थी जता रहे पेपर लीक की आशंका
इस समय में लॉक करनी होगी चॉइस
चॉइस लॉक करने की सुविधा 8 सितंबर शाम 4 बजे से 9 सितंबर सुबह 10 बजे तक रहेगी। इसके बाद MCC 9 और 10 सितंबर को सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया पूरी करेगा। राउंड 2 का सीट अलॉटमेंट रिजल्ट 11 सितंबर को जारी किया जाएगा। सीट मिलने वाले उम्मीदवारों को 12 से 18 सितंबर के बीच संबंधित कॉलेज में रिपोर्ट कर ज्वाइन करना होगा।
NEET UG Round 2 का पूरा शेड्यूल
- टेंटेटिव सीट मैट्रिक्स: 1 और 2 सितंबर
- रजिस्ट्रेशन और फीस पेमेंट: 3 से 8 सितंबर
- चॉइस फिलिंग: 3 से 9 सितंबर
- चॉइस लॉकिंग: 8 सितंबर शाम 4 बजे से 9 सितंबर सुबह 10 बजे तक
- सीट अलॉटमेंट: 9 और 10 सितंबर
- सीट अलॉटमेंट रिजल्ट: 11 सितंबर
- रिपोर्टिंग और ज्वाइनिंग: 12 से 18 सितंबर
- ज्वाइन किए उम्मीदवारों के डेटा का वेरिफिकेशन: 19 सितंबर
MCC के आधिकारिक शेड्यूल में यह भी कहा गया है कि काउंसलिंग के लिए सभी शनिवार, रविवार और सरकारी छुट्टियों को भी कामकाजी दिन माना जाएगा।
स्टेट काउंसलिंग भी सितंबर में
MCC ने स्टेट काउंसलिंग के राउंड 2 की टाइमलाइन भी जारी की है। राज्य स्तर की काउंसलिंग 7 से 11 सितंबर तक चलेगी। इसमें संबंधित राज्य की काउंसलिंग अथॉरिटी एडमिशन और बाकी जरूरी प्रक्रिया पूरी करेगी। AIQ और स्टेट काउंसलिंग, दोनों में सीट पाने वाले उम्मीदवारों को 18 सितंबर तक ज्वाइन करना होगा। 19 सितंबर को संबंधित अथॉरिटी ज्वाइन कर चुके उम्मीदवारों के रिकॉर्ड का वेरिफिकेशन करेगी।
किन उम्मीदवारों को राउंड 2 में मौका?
राउंड 1 में सीट नहीं पाने वाले उम्मीदवार नियमों के अनुसार राउंड 2 में हिस्सा ले सकते हैं। वहीं, राउंड 1 में सीट पाने वाले वे उम्मीदवार भी अपग्रेडेशन के लिए राउंड 2 में जा सकते हैं, जिन्होंने फ्लोट विकल्प चुना है। जिन उम्मीदवारों ने फ्रिज विकल्प चुना है, उनकी राउंड 1 की सीट बनी रहेगी और उन्हें राउंड 2 में सीट अपग्रेडेशन के लिए नहीं माना जाएगा।
फ्लोट उम्मीदवारों के लिए खास सुविधा
राउंड 1 में सीट मिलने के बाद अपग्रेडेशन के लिए राउंड 2 में जाने वाले उम्मीदवारों को जरूरी ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करनी होगी और दस्तावेज जमा करने होंगे। MCC ने फ्लोट उम्मीदवारों के दस्तावेजों के लिए ऑनलाइन व्यवस्था भी रखी है। ऐसे उम्मीदवारों को दस्तावेज जांच के लिए अलॉट कॉलेज में व्यक्तिगत रूप से जाने की जरूरत नहीं होगी। संबंधित संस्थान ऑनलाइन माध्यम से दस्तावेजों की जांच करेगा। MCC की वेबसाइट पर 2026 काउंसलिंग के लिए फ्लोट उम्मीदवारों के दस्तावेज अपलोड करने से जुड़ा नोटिस भी जारी किया गया है।
ये भी पढ़ें: RRB NTPC UG CBT 2 परीक्षा की तारीख घोषित, कब आएगा एडमिट कार्ड? चेक करें एग्जाम डेट