July 17, 2026

NEET UG 2026 में जयपुर का कमाल, उपलक्ष्य गोयल बने देश के तीसरे टॉपर - Haribhoomi

एनटीए ने NEET UG 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। जयपुर के कई छात्रों ने ऑल इंडिया रैंकिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप रैंकर्स की सूची में जगह बनाई है।

NEET UG Result 2026

उपलक्ष्य गोयल बने देश के तीसरे टॉपर

  • Published: 17 Jul 2026, 03:16 PM IST
  • Last Updated: 17 Jul 2026, 03:16 PM IST

NEET UG Result 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार जयपुर के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उपलक्ष्य गोयल ने ऑल इंडिया रैंक 3 हासिल कर शहर का नाम रोशन किया, जबकि कई अन्य विद्यार्थियों ने भी टॉप रैंकर्स की सूची में जगह बनाई। रिजल्ट जारी होने के साथ ही अब मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया की तैयारी शुरू हो गई है।

NEET UG 2026 के परिणाम में जयपुर के छात्रों का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। उपलक्ष्य गोयल ने ऑल इंडिया रैंक 3 हासिल कर देशभर में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने बताया कि पिछले एक साल से उनका पूरा फोकस नीट की तैयारी पर था और उनका पहला लक्ष्य मेडिकल कॉलेज में चयन सुनिश्चित करना था। तीसरी रैंक मिलने पर उन्होंने खुशी जताई और इसे अपनी मेहनत का परिणाम बताया।

इन छात्रों ने भी हासिल की शानदार रैंक
जयपुर के कई अन्य छात्रों ने भी राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। इनमें:

  1. अजय चौधरी – AIR 144
  2. देवेश सिंह गुर्जर – AIR 153
  3. दक्ष खंडेलवाल – AIR 154
  4. भव्य यादव – AIR 319
  5. मूर्शा फिरोज – AIR 354
  6. लक्ष्य सिंघल – AIR 361
  7. पीयूष बंसल – AIR 617
  8. ईशान कटारिया – AIR 903
  9. विभोर – AIR 968

इन सफलताओं ने जयपुर को इस वर्ष के NEET रिजल्ट में प्रमुख स्थान दिलाया है।

अब शुरू होगी मेडिकल एडमिशन काउंसलिंग
रिजल्ट घोषित होने के बाद अब देशभर में मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होगी। ऑल इंडिया कोटा और राज्य कोटा के तहत एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष और अन्य मेडिकल पाठ्यक्रमों में दाखिला उम्मीदवारों की मेरिट के आधार पर दिया जाएगा।

20 लाख से अधिक छात्रों ने दी परीक्षा
इस वर्ष NEET UG 2026 में देशभर से लगभग 20 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए। इनमें से करीब 11.21 लाख उम्मीदवार मेडिकल और संबंधित पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पात्र घोषित किए गए हैं।

इस बार परीक्षा में एक दिलचस्प तथ्य यह भी रहा कि वर्ष 2020 और 2021 के बाद पहली बार कोई भी छात्र 720 में से पूरे 720 अंक हासिल नहीं कर सका।

पंजाब और हरियाणा के छात्रों ने किया टॉप
NEET UG 2026 में पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 715 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से ऑल इंडिया टॉप किया। NTA के आंकड़ों के अनुसार, 19 छात्रों ने 700 से अधिक अंक प्राप्त किए।138 अभ्यर्थियों ने 690 से ज्यादा अंक हासिल किए।

लड़कियों और फ्रेशर्स का रहा दबदबा
एनटीए के मुताबिक टॉप रैंक हासिल करने वाले 93 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थी पहली बार परीक्षा देने वाले थे। वहीं टॉप रैंकर्स में 99 प्रतिशत उम्मीदवारों की उम्र 17 से 19 वर्ष के बीच रही। क्वालिफाई करने वाले कुल उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं शामिल हैं, जो इस साल के परिणाम की खास उपलब्धियों में से एक है। उम्मीदवार अपना स्कोरकार्ड आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं और काउंसलिंग से जुड़ी अगली प्रक्रिया के लिए तैयार रह सकते हैं।