August 24, 2026

NEET PG Admit Card: फिर बदली नीट पीजी एडमिट कार्ड की तारीख, अब कब किया जाएगा जारी? चेक करें डिटेल

Time Published: Monday, August 24, 2026, 18:37 [IST]

NEET PG 2026 में शामिल होने वाले मेडिकल छात्रों के लिए एडमिट कार्ड से जुड़ा जरूरी अपडेट सामने आया है। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने एडमिट कार्ड जारी करने की तारीख में एक बार फिर बदलाव किया है। पहले उम्मीदवारों को 24 अगस्त को अपना हॉल टिकट मिलने वाला था, लेकिन अब इसके लिए एक दिन और इंतजार करना होगा।

NBEMS के नए अपडेट के मुताबिक, NEET PG 2026 का एडमिट कार्ड अब 25 अगस्त 2026 को जारी किया जाएगा। तारीख बदलने की वजह कुछ जरूरी परिस्थितियों के साथ असम और मेघालय की ओर से मिले विशेष अनुरोध बताए गए हैं। हालांकि, एडमिट कार्ड की तारीख में बदलाव का असर परीक्षा पर नहीं पड़ेगा। NEET PG 2026 की परीक्षा तय कार्यक्रम के अनुसार 30 अगस्त को ही आयोजित की जाएगी।

NEET PG 2026

एक दिन आगे बढ़ी एडमिट कार्ड की तारीख

NBEMS ने एडमिट कार्ड जारी करने की तारीख को 24 अगस्त से बढ़ाकर 25 अगस्त कर दिया है। बोर्ड के मुताबिक, यह फैसला कुछ अपरिहार्य परिस्थितियों और असम व मेघालय से मिले विशेष अनुरोधों को देखते हुए लिया गया है। ऐसे में उम्मीदवारों को अब 25 अगस्त को NBEMS की वेबसाइट पर जाकर अपना एडमिट कार्ड चेक करना होगा।

ये भी पढ़ें: '2022 से चल रहा था सॉल्वर गैंग', NEET धांधली के आरोपी रविशंकर ने पूछताछ में खोले कई बड़े राज

पहले 27 अगस्त को आना था एडमिट कार्ड

NEET PG 2026 की एडमिट कार्ड डेट में इससे पहले भी बदलाव हो चुका है। सूचना बुलेटिन में पहले एडमिट कार्ड जारी करने की तारीख 27 अगस्त 2026 बताई गई थी। बाद में उम्मीदवारों की सुविधा को देखते हुए इसे बदलकर 24 अगस्त किया गया। अब NBEMS ने इसमें फिर बदलाव करते हुए नई तारीख 25 अगस्त तय की है।वहीं, परीक्षा के लिए एग्जाम सिटी की जानकारी पहले ही 11 अगस्त 2026 को जारी की जा चुकी है।

30 अगस्त को ही होगी परीक्षा

उम्मीदवारों के लिए सबसे राहत वाली बात यह है कि एडमिट कार्ड की तारीख बदली है, लेकिन परीक्षा की तारीख में कोई बदलाव नहीं किया गया है। NEET PG 2026 का एग्जाम 30 अगस्त 2026, रविवार को होगा। परीक्षा कंप्यूटर आधारित यानी CBT मोड में एक ही शिफ्ट में आयोजित की जाएगी।

  • परीक्षा का समय: सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक

इसलिए छात्रों को एडमिट कार्ड की नई तारीख का ध्यान रखते हुए अपनी तैयारी जारी रखनी चाहिए।

ऐसे डाउनलोड करें NEET PG Admit Card

25 अगस्त को एडमिट कार्ड जारी होने के बाद उम्मीदवार नीचे दिए गए तरीके से इसे डाउनलोड कर सकते हैं:

  • सबसे पहले NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
  • होम पेज पर NEET PG 2026 एडमिट कार्ड से जुड़े लिंक पर क्लिक करें।
  • अपना एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड डालकर लॉगिन करें।
  • लॉगिन करने के बाद स्क्रीन पर एडमिट कार्ड दिखाई देगा।
  • एडमिट कार्ड डाउनलोड करके उसकी फाइल सेव कर लें।
  • भविष्य के लिए इसका प्रिंटआउट निकालकर अपने पास रखें।

सोशल मीडिया की अफवाहों से रहें दूर

NBEMS ने उम्मीदवारों को सोशल मीडिया पर चल रही अपुष्ट खबरों से सावधान रहने को कहा है। छात्रों को किसी भी थर्ड पार्टी पोस्ट या बिना पुष्टि वाली जानकारी के आधार पर परीक्षा से जुड़ा फैसला नहीं लेना चाहिए। एडमिट कार्ड, परीक्षा की तारीख, समय या किसी अन्य बदलाव की जानकारी के लिए केवल NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी नोटिस को ही मानें।

ये भी पढ़ें: NEET UG 2026 काउंसलिंग राउंड 1 प्रोविजनल रिजल्ट जारी, 51 टॉपर AIIMS दिल्ली में, रैंक 35 ने क्यों छोड़ी सीट?